भारत और न्यूजीलैंड के बीच ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेले जा रहे पहले वनडे मुकाबले में विराट कोहली ने बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. भारतीय क्रिकेट के रन मशीन विराट कोहली ने कीवी गेंदबाजों के खिलाफ 12 रन बनाते ही वनडे क्रिकेट में एक ऐसा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है, जिसे आज तक क्रिकेट इतिहास का कोई भी दिग्गज बल्लेबाज छू तक नहीं पाया है.
वनडे क्रिकेट में नंबर-3 की पोजीशन को बल्लेबाजी की सबसे मुश्किल और अहम रीढ़ माना जाता है. इस पोजीशन पर उतरकर विराट कोहली अब वनडे इतिहास में 13,000 रन पूरे करने वाले दुनिया के पहले और इकलौते बल्लेबाज बन गए हैं.
इस मैच से पहले विराट को इस ऐतिहासिक आंकड़े तक पहुंचने के लिए महज 12 रनों की दरकार थी. जैसे ही उन्होंने मैदान पर अपना 12वां रन पूरा किया, पूरा ईडन पार्क स्टेडियम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा. इस मुकाम के आसपास भी दुनिया का कोई दूसरा बल्लेबाज नजर नहीं आता.
186 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए विराट ने अपनी पारी की 13वीं गेंद पर जैसे ही 12वां रन पूरा किया, वह वनडे क्रिकेट में नंबर-3 की पोजीशन पर 13,000 रन बनाने वाले दुनिया के पहले और इकलौते बल्लेबाज बन गए. इस मामले में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व महान कप्तान रिकी पोंटिंग (12,662 रन) दूसरे स्थान पर हैं. वनडे इतिहास में नंबर-3 पर 10,000 से अधिक रन बनाने वाले कोहली और पोंटिंग ही एकमात्र खिलाड़ी हैं.
61 से ज्यादा की औसत, 48 शतक
विराट कोहली ने नंबर-3 की पोजीशन पर उतरकर 61.55 की औसत और 95.4 की तूफानी स्ट्राइक रेट से यह मुकाम हासिल किया है. इस खास पोजीशन पर बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 48 शतक और 69 अर्धशतक जड़े हैं.
दुनिया के किसी एक खास बैटिंग ऑर्डर पर सबसे ज्यादा रन बनाने का ऑल-टाइम रिकॉर्ड महान सचिन तेंदुलकर (ओपनिंग करते हुए 15,310 रन) के नाम है, और अब विराट नंबर-3 पर 13,000 से ज्यादा रन बनाकर सचिन के उस महा-कीर्तिमान की ओर तेजी से कदम बढ़ा रहे हैं.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क