भारतीय टीम ने भले ही न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज अपने नाम कर ली हो, लेकिन चौथे मुकाबले में टीम को बुरी तरह शिकस्त का सामना करना पड़ा. इस मुकाबले में भारतीय गेंदबाजों की जमकर धुनाई हुई जिसके बाद अब टीम की गेंदबाजी को लेकर सवाल उठ रहे हैं.
पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ टीम के प्रदर्शन से बिल्कुल खुश नहीं हैं. कैफ ने तीखे सवाल उठाते हुए कहा कि टीम सिर्फ अपनी तूफानी बल्लेबाजी के दम पर मैच जीत रही है. जबकि गेंदबाजों का हाल बेहद बुरा है. उन्होंने टीम मैनेजमेंट की चयन नीतियों पर बड़ा कटाक्ष करते हुए इसे एक खराब आदत करार दिया है.
वैभव सूर्यवंशी को लेकर बात करते हुए कैफ ने मैनेजमेंट को आड़े हाथों लिया. उन्होंने कहा कि एक तरफ टीम नए खिलाड़ियों को बैक करने की बात करती है, लेकिन जब सीरीज पहले ही पक्की हो चुकी थी, तब भी वैभव को प्लेइंग इलेवन से बाहर बैठाया गया.
कैफ ने सवाल उठाया कि जब ईशान किशन पूरी तरह फिट नहीं थे और सिर्फ कीपिंग करने उतरे तो ऐसे में उस युवा खिलाड़ी को एक और मौका क्यों नहीं दिया गया? इस तरह बार-बार बाहर करना भविष्य के इस सुपरस्टार के कॉन्फिडेंस के साथ खिलवाड़ है.
गेंदबाजों की पिटाई पर उठे सवाल
न्यूजीलैंड की पिचों पर गेंदबाजों के प्रदर्शन पर बात करते हुए कैफ ने कहा कि तेज गेंदबाजों की जमकर धुलाई हो रही है. सभी की इकॉनमी खराब चल रही है. इसके बावजूद बेंच पर वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव जैसे विकेट-टेकिंग स्पिनर बैठे हैं, जिन्हें मौका नहीं दिया जा रहा है.
कैफ ने तंज कसते हुए कहा कि जब तेज गेंदबाज हर मैच में मार खा रहे हैं तो आप वरुण चक्रवर्ती जैसे मिस्ट्री स्पिनर को बाहर क्यों बैठा रहे हैं? सिर्फ इसलिए कि आपको नंबर 8 तक बल्लेबाजी चाहिए? अगर यही रवैया रहा तो सीरीज भले ही जीत जाओ, लेकिन गेंदबाजी की कमजोरी भविष्य में भारी पड़ेगी.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क