वेस्टइंडीज के खिलाफ हाल ही में खत्म हुई सीरीज में भारतीय ओपनर अभिषेक शर्मा का बल्ला उम्मीद के मुताबिक नहीं चला. लेकिन अब वह न्यूजीलैंड की धरती पर कीवी गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं.
22 अक्टूबर से क्राइस्टचर्च में शुरू हो रही 5 मैचों की टी20 सीरीज में अभिषेक मैदान पर चौके-छक्के की झड़ी लगाने के इरादे से उतरेंगे. अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से गेंदबाजों के मन में खौफ पैदा करने वाले अभिषेक के पास इस सीरीज में एक-दो नहीं, बल्कि तीन-तीन बड़े रिकॉर्ड बनाने का सुनहरा मौका होगा.
अभिषेक शर्मा पहली ही गेंद से गेंदबाजों पर टूट पड़ने के लिए जाने जाते हैं. इस साल (2026) में उन्होंने टी20I में अकेले 70 छक्के उड़ाए हैं, जो एक कैलेंडर ईयर में किसी भी भारतीय द्वारा लगाए गए सबसे ज्यादा छक्के हैं. अब उनके खाते में कुल 143 टी20I छक्के दर्ज हो चुके हैं.
अगर वह न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में 7 छक्के और जड़ देते हैं तो वह भारत के लिए 150 टी20I छक्के पूरे करने वाले महज तीसरे भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे. उनसे आगे सिर्फ रोहित शर्मा (205) और सूर्यकुमार यादव (179) ही हैं.
साल 2026 में खूब चला है बल्ला
अभिषेक शर्मा का बल्ला इस साल टी20 इंटरनेशनल में जमकर बोला है. उन्होंने इस साल खेले 34 मैचों में 201.68 के तूफानी स्ट्राइक रेट से 956 रन बनाए हैं, जिसमें 1 शतक और 8 अर्धशतक शामिल हैं. उन्हें इस साल अपने 1,000 टी20I रन पूरे करने के लिए महज 44 रनों की दरकार है.
ऐसा करते ही वह सूर्यकुमार यादव (2022 में 1,164 रन) और ईशान किशन (2026 में 1,158 रन) के खास क्लब में शामिल होने वाले तीसरे भारतीय बन जाएंगे. सिर्फ इंटरनेशनल ही नहीं, बल्कि आईपीएल व घरेलू क्रिकेट में भी अभिषेक तहलका मचा रहे हैं.
अभिषेक के नाम 217 मैचों में 32.84 की औसत और 178.11 के खतरनाक स्ट्राइक रेट से 6,437 रन दर्ज हैं. 6,500 रन का आंकड़ा छूने से वह सिर्फ 63 रन दूर हैं. दिलचस्प बात यह है कि अभिषेक के नाम टी20 क्रिकेट में पहले से ही 10 शतक दर्ज हैं, और वह इस मामले में विराट कोहली के साथ संयुक्त रूप से नंबर-1 भारतीय हैं.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क