भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 सीरीज के बाद अब दोनों टीमें 50 ओवर के फॉर्मेट यानी वनडे सीरीज में भिड़ने के लिए पूरी तरह तैयार हैं. पांच मैचों की इस सीरीज का पहला मुकाबला 4 नवंबर को ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेला जाएगा.
एक तरफ जहां कीवी टीम टी20 सीरीज हारने के बाद जोरदार वापसी करना चाहेगी, वहीं भारतीय टीम में विराट कोहली और रोहित शर्मा की मौजूदगी से उसका पलड़ा भारी नजर आ रहा है. इस मुकाबले में मैदान पर कुछ खिलाड़ियों के बीच धांसू टक्कर देखने को मिल सकती है.
रोहित शर्मा बनाम मैट हेनरी
ऑकलैंड की चुनौतीपूर्ण पिचों पर जब हिटमैन रोहित शर्मा का सामना कीवी टीम के तेज गेंदबाज मैट हेनरी से होगा तो नजारा देखने लायक होगा. रोहित जहां अपनी क्लासिक पारियों की तरह शुरुआत करना चाहेंगे. वहीं हेनरी की रफ्तार और स्विंगभरी गेंदें उनके लिए बड़ा सिरदर्द बन सकती हैं. आंकड़ों के मुताबिक हेनरी वनडे पारियों में रोहित को दो बार अपना शिकार बना चुके हैं, जहां रोहित का औसत 29.5 का रहा है.
विराट कोहली बनाम काइल जैमीसन
पीठ की चोट से उबरकर वनडे टीम में वापसी करने वाले लंबे कद के तेज गेंदबाज काइल जैमीसन ऑकलैंड की तीखी पिच पर कहर बरपाने को तैयार हैं. किंग कोहली और जैमीसन की यह पुरानी जंग मैदान पर एक बार फिर से देखने को मिलेगी. जैमीसन वनडे फॉर्मेट में कोहली को एक बार आउट कर चुके हैं, ऐसे में इन दोनों के बीच की भिड़ंत देखने में बड़ा मजा आएगा.
डेरिल मिचेल बनाम मोहम्मद सिराज
भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुआई कर रहे मोहम्मद सिराज अपनी पेस और स्विंग से कीवी बल्लेबाजों की परीक्षा लेंगे. सिराज के सामने होंगे खतरनाक बल्लेबाज डेरिल मिचेल, जिनके नाम भारत के खिलाफ चार वनडे शतक दर्ज हैं. सिराज और मिचेल की इस जंग में भी कांटे की टक्कर देखने को मिलेगी क्योंकि सिराज भी उन्हें एक बार आउट कर चुके हैं.
ये भी पढ़ें- IND vs PAK: भारत-पाकिस्तान के बीच खेले जाएंगे 10 वनडे मुकाबले! आखिर कब और कहां होगी टक्कर, वैभव-अभिषेक मचाएंगे तबाही
श्रेयस अय्यर बनाम मिचेल सेंटनर
न्यूजीलैंड के कप्तान और बाएं हाथ के स्पिनर मिचेल सेंटनर पेस-फ्रेंडली पिचों पर अपनी फिरकी से बीच के ओवरों में विकेट निकालना चाहेंगे. लेकिन उनके सामने होंगे स्पिन के सबसे बेहतरीन खिलाड़ियों में शुमार श्रेयस अय्यर. हालांकि सैंटनर ने अय्यर को एक बार आउट जरूर किया है, लेकिन स्पिन के खिलाफ अय्यर का औसत इस मुकाबले में बेहद दमदार रहता है.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क