हार्दिक पंड्या एक बार फिर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार वजह उनका प्रदर्शन नहीं... बल्कि मैदान पर दिखाई गई नाराजगी है. मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या पर आईपीएल आचार संहिता के उल्लंघन के चलते मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है. इसके साथ ही उन्हें एक डिमेरिट प्वाइंट भी मिला है.
यह मामला बुधवार को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए मुकाबले का है, जहां MI को कोलकाता नाइट राइडर्स (Kolkata Knight Riders) के हाथों 4 विकेट से हार का सामना करना पड़ा. मैच के दौरान हार्दिक अपने स्पेल में लय हासिल नहीं कर पा रहे थे. इसी निराशा में उन्होंने रन-अप की ओर लौटते समय विकेट की बेल्स को जोर से गिरा दिया.
आईपीएल की ओर से जारी बयान में कहा गया कि हार्दिक पंड्या ने आईपीएल कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.2 का उल्लंघन किया है. यह नियम मैच के दौरान क्रिकेट उपकरण, कपड़ों, ग्राउंड इक्विपमेंट या अन्य फिटिंग्स के दुरुपयोग से जुड़ा है. इसे लेवल-1 अपराध माना गया और हार्दिक ने अपनी गलती स्वीकार कर मैच रेफरी की सजा को मान लिया.
मैच की बात करें तो मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 147 रन बनाए थे. जवाब में Kolkata Knight Riders ने 7 गेंद बाकी रहते लक्ष्य हासिल कर लिया. हार्दिक पंड्या ने गेंदबाजी में सिर्फ दो ओवर डाले, जिसमें उन्होंने 13 रन दिए लेकिन कोई विकेट हासिल नहीं कर सके.
आईपीएल में खिलाड़ियों पर अनुशासन बनाए रखने को लेकर लगातार सख्ती दिखाई जा रही है. इससे पहले भी कई खिलाड़ियों पर मैदान पर आक्रामक व्यवहार या उपकरणों के दुरुपयोग को लेकर जुर्माना लगाया जा चुका है. हार्दिक पर लगा यह जुर्माना भी उसी कड़ी का हिस्सा माना जा रहा है.
मुंबई इंडियंस प्लेऑफ की दौड़ से पहले ही बाहर है, जबकि केकेआर ने इस जीत से प्लेऑफ के लिए अपनी उम्मीदों को मजबूत कर लिया है.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क