भारत-ए ने गॉल में खेले गए दूसरे अनऑफिशियल टेस्ट में श्रीलंका-ए को 10 विकेट से हराकर दो मैचों की सीरीज 1-0 से अपने नाम कर ली है. इस जीत के सबसे बड़े हीरो तेज गेंदबाज गुरनूर बरार रहे, जिन्होंने पूरे मैच में 10 विकेट लेकर श्रीलंका-ए की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी.
पहला मैच ड्रॉ रहने के बाद भारत-ए को सीरीज जीतने के लिए इस मुकाबले में जीत जरूरी थी. भारत-ए ने पहली पारी में 543 रन बनाकर 177 रनों की बढ़त हासिल की.
इसमें साई सुदर्शन ने शानदार 168 रनों की पारी खेली, जबकि देवदत्त पडिक्कल ने 94, ध्रुव जुरेल 53 और सारांश जैन ने नाबाद 70* रनों की अहम पारी खेली.
यह भी पढ़ें: 4 गेंद, 4 विकेट... शनाका ने MLC में रचा इतिहास, आखिरी ओवर में मचाया तहलका
चौथे और अंतिम दिन गुरनूर बरार ने घातक गेंदबाजी करते हुए दूसरी पारी में 6 विकेट झटके. पहली पारी में उन्होंने 4 विकेट लिए थे, जिससे उनका मैच में कुल विकेटों का आंकड़ा 10 पहुंच गया.
उनकी शानदार गेंदबाजी के दम पर श्रीलंका ए की दूसरी पारी 209 रन पर सिमट गई. भारत-ए को जीत के लिए सिर्फ 33 रनों का लक्ष्य मिला, जिसे साई सुदर्शन और अमन मोखाडे ने बिना कोई विकेट गंवाए 6.2 ओवरों में हासिल कर लिया.
इस जीत के साथ ध्रुव जुरेल की कप्तानी में भारत ए ने सीरीज 1-0 से अपने नाम कर ली. इस अनऑफिशियल टेस्ट सीरीज में साई सुदर्शन ने 2 मैचों में सबसे ज्यादा 332 रन बनाए. वहीं दूसरी ओर गुरनूर बरार ने सबसे ज्यादा 10 विकेट झटके.
गुरनूर बरार का यह प्रदर्शन आगामी श्रीलंका टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय टीम के लिए बड़ा संकेत माना जा रहा है. 10 विकेट लेकर उन्होंने टेस्ट टीम में अपनी दावेदारी और मजबूत कर दी है.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क