पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) 2026 में गुरुवार (2 अप्रैल) को कराची किंग्स और रावलपिंडीज के मुकाबले के बाद एक ऐसा पल सामने आया, जिसने कुछ ही मिनटों में सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया. लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में मैच खत्म होने के बाद खिलाड़ी एक-दूसरे से हाथ मिला रहे थे, इसी दौरान कराची किंग्स के स्टार खिलाड़ियों डेविड वॉर्नर और मोईन अली के बीच अचानक कुछ तीखी बातचीत हुई. दोनों खिलाड़ियों के चेहरे के हावभाव और हाथों के इशारे इतने तेज थे कि देखने वालों को लगा कि यह कोई सामान्य बातचीत नहीं है.
जैसे ही यह वीडियो सामने आया, सोशल मीडिया पर फैन्स ने रिएक्शन देने शुरू कर दिए. कुछ फैन्स ने इसकी तुलना इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) टीम लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) से जुड़े एक हालिया घटनाक्रम से की, जहां मैच के बाद कप्तान ऋषभ पंत से टीम मालिक संजीव गोयनका ने तीखी बातचीत की थी. मामला तब और गंभीर लगने लगा, जब बीच-बचाव करने कराची किंग्स के डायरेक्टर हैदर अजहर आ गए. उनका बीच-बचाव करना इस बात का संकेत था कि शायद स्थिति बिगड़ चुकी है.
विवाद बढ़ने के बाद कराची किंग्स के कप्तान डेविड वॉर्नर खुद सामने आए और उन्होंने पूर मामले पर सफाई. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि यह कोई झगड़ा नहीं था, बल्कि एक हल्का-फुल्का मजाक था.
डेविड वॉर्नर ने बताया कि वह हैदर अजहर से सिर्फ यह कह रहे थे कि आप पहले जाकर विपक्षी खिलाड़ियों से हाथ मिला ले. वॉर्नर के मुताबिक वह असल में एक सामान्य और मजाकिया बातचीत थी, जिसे कैमरे ने अलग एंगल से दिखा दिया.
क्रिकेट में यह पहली बार नहीं है, जब किसी वीडियो क्लिप को देखकर गलत निष्कर्ष निकाले गए हों. कई बार कैमरे का एंगल, स्लो मोशन और बिना ऑडियो वाली क्लिप किसी भी सामान्य बातचीत को गंभीर बना देते हैं. यह घटना भी उसी का एक उदाहरण है, जहां कुछ सेकंड की फुटेज ने पूरी कहानी को बदलकर पेश कर दिया.
आईपीएल और पीएसएल जैसे प्रतिस्पर्धी टूर्नामेंट में खिलाड़ियों के बीच प्रतिस्पर्धा अपने चरम पर होती है. इसके बावजूद मैदान के बाहर खिलाड़ी एक-दूसरे का सम्मान करते हैं और दोस्ताना माहौल बनाए रखते हैं. मोईन और वॉर्नर जैसे अनुभवी खिलाड़ी खेल भावना को भली-भांति समझते हैं.
aajtak.in