'क्रिकेट के भगवान' कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर और उनके बेटे अर्जुन तेंदुलकर के बीच एक और दिलचस्प कनेक्शन सामने आया है. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के आगामी सीजन से पहले अर्जुन ने ऐसा खुलासा किया, जिसे सुनकर लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के कप्तान ऋषभ पंत भी हैरान रह गए.
दरअसल, आईपीएल 2026 से पहले लखनऊ सुपर जायंट्स के प्री-सीजन कैम्प के दौरान अर्जुन तेंदुलकर और ऋषभ पंत के बीच बातचीत हुई. इस दौरान अर्जुन ने बताया कि वह करीब 1220 ग्राम का भारी बल्ला इस्तेमाल करते हैं.
जब ऋषभ पंत ने पूछा कि इतना भारी बैट क्यों, तो अर्जुन तेंदुलकर ने जवाब दिया, "हल्का सा भी टच करो तो बॉल उड़ जाती है. पापा 1310-1315 ग्राम का बैट इस्तेमाल करते थे, मैं 1200 ग्राम से नीचे नहीं जाता." अर्जुन का यह जवाब सुनकर पंत भी चौंक गए.
सचिन ने अपनी आत्मकथा में किया जिक्र
अर्जुन तेंदुलकर अपने पिता की तरह ही भारी बल्ले के साथ खेलना पसंद करते हैं. सचिन तेंदुलकर भी अपने करियर में भारी बैट से खेलने के लिए मशहूर रहे हैं. अपनी आत्मकथा 'प्लेइंग इट माय वे' (Playing It My Way) में सचिन ने बताया था कि उन्होंने बचपन से ही भारी बैट से खेलना शुरू किया और कभी भी हल्के बैट से खेलने में सहज महसूस नहीं किया.
26 साल के अर्जुन तेंदुलकर हाल ही में शादी के बंधन में बंधे हैं, लेकिन उन्होंने आराम करने के बजाय आईपीएल की तैयारी को प्राथमिकता दी. वह शादी के अगले ही दिन युवराज सिंह के साथ ट्रेनिंग के लिए पहुंच गए, जिसे देखकर ऋषभ पंत ने भी उनकी मेहनत की जमकर तारीफ की. अर्जुन इस बार आईपीएल में मुंबई इंडियंस (MI) की बजाय लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए खेलते नजर आने वाले हैं.
आईपीएल 2026 के लिए हुई मिनी नीलामी से पहले अर्जुन तेंदुलकर को मुंबई इंडियंस ने लखनऊ सुपर जायंट्स के हाथों 30 लाख रुपये में ट्रेड किया था. अब वह अपने करियर के एक नए अध्याय की शुरुआत करने के लिए तैयार हैं. लखनऊ सुपर जायंट्स के कैम्प के दौरान ऋषभ पंत ने अर्जुन को भरोसा दिलाया कि टीम उनके साथ खड़ी है और उन्हें बैक करेगी. दोनों के बीच शानदार बॉन्डिंग भी देखने को मिली.
aajtak.in