SA20 सीजन-5 के ऑक्शन में इस बार सबसे ज्यादा चर्चा किसी अनुभवी इंटरनेशनल स्टार की नहीं, बल्कि एक 18 साल के युवा खिलाड़ी की रही. नाम है जेसन रॉल्स. 7 अक्टूबर को जोबर्ग सुपर किंग्स ने इस युवा ऑलराउंडर को टीम में लेने के लिए MI केप टाउन के साथ लंबी बोली लगाई और आखिरकार करीब 1.68 करोड़ रुपये खर्च कर दिए.
खास बात यह है कि रॉल्स की बेस प्राइस कीमत करीब 11.5 लाख रुपये थी, लेकिन बोली बढ़ते-बढ़ते वह इस ऑक्शन के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए. यानी रॉल्स की कीमत उनकी शुरुआती कीमत से कई गुना ज्यादा पहुंच गई.
स्कूल में पढ़ रहे हैं रॉल्स
जेसन रॉल्स की कहानी इसलिए भी खास है क्योंकि वह अभी अपने क्रिकेट करियर के शुरुआती दौर में हैं. वह जोहानिसबर्ग के St David’s Marist School में पढ़ाई कर रहे हैं और साउथ अफ्रीका के जूनियर क्रिकेट सेटअप से निकलकर आए हैं.
यह भी पढ़ें: नाना पाटेकर को विराट कोहली का आखिरी सलाम, बोले- आपका काम पीढ़ियों तक बोलेगा
जेसन रॉल्स बाएं हांथ के बल्लेबाज हैं और सीनियर लेवल पर उनका अनुभव अभी बेहद कम है, लेकिन अंडर-19 क्रिकेट में उन्होंने जिस तरह का प्रदर्शन किया है, उसी ने फ्रेंचाइजियों का ध्यान खींचा है.
अंडर-19 वर्ल्ड कप में दिखाया दम
2026 के अंडर-19 वर्ल्ड कप में रॉल्स साउथ अफ्रीका के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों में रहे. उन्होंने पांच पारियों में 280 रन बनाए. इस दौरान उनका औसत करीब 70 और स्ट्राइक रेट 112 का रहा.
उनके बल्ले से एक शतक और एक अर्धशतक भी निकला. गेंदबाजी में भी उन्होंने 4 विकेट लिए थे. रॉल्स ने इंटरनेशनल अंडर-19 मंच पर ही अपने टैलेंट का बड़ा संकेत दे दिया था.
भारत के खिलाफ भी चमका बल्ला
रॉल्स का प्रदर्शन सिर्फ वर्ल्ड कप तक सीमित नहीं रहा. भारत के खिलाफ तीन यूथ वनडे की सीरीज में उन्होंने 149 रन बनाए और उनका औसत करीब 50 का रहा. इस सीरीज में उनके बल्ले से शतक भी आया. इंग्लैंड के खिलाफ यूथ टेस्ट में तो उन्होंने ऐसी पारी खेली, जिसने उनकी प्रतिभा को और खास बना दिया.
इंग्लैंड के खिलाफ ठोका दोहरा शतक
जुलाई 2026 में इंग्लैंड अंडर-19 के खिलाफ रॉल्स ने 201 रन की शानदार पारी खेली. उन्होंने 296 गेंदों का सामना किया और 23 चौके तथा 2 छक्के लगाए. इस पारी के साथ वह साउथ अफ्रीका की ओर से यूथ टेस्ट में दोहरा शतक लगाने वाले चुनिंदा बल्लेबाजों की सूची में शामिल हो गए.
यह भी पढ़ें: नाना पाटेकर के निधन से टूटा क्रिकेटर शिखर धवन का दिल, कमेंटेटर हर्षा भोगले बोले- दुख भरा दिन है
सिर्फ बल्लेबाज नहीं, गेंदबाजी भी करते हैं
रॉल्स की सबसे बड़ी खासियत उनकी ऑलराउंड क्षमता है. वह बाएं हाथ से आक्रामक बल्लेबाजी करने के साथ स्पिन गेंदबाजी भी करते हैं. यही वजह है कि फ्रेंचाइजियों को उनमें भविष्य के एक बेहतरीन टी20 खिलाड़ी की झलक दिखाई देती है.
SA20 ऑक्शन में उनकी बोली इस बात का संकेत है कि टीमें अब सिर्फ मौजूदा प्रदर्शन नहीं, बल्कि युवा खिलाड़ियों की भविष्य की क्षमता पर भी बड़ा दांव लगाने के लिए तैयार हैं.
फाफ और पोलार्ड जैसे दिग्गजों के साथ होंगे
जोबर्ग सुपर किंग्स ने सिर्फ रॉल्स पर ही दांव नहीं लगाया. टीम ने अनुभवी फाफ डुप्लेसी को भी 2.7 मिलियन रैंड में अपने साथ जोड़ा, जबकि वेस्टइंडीज के दिग्गज कीरोन पोलार्ड को 1.5 मिलियन रैंड में खरीदा.
अब रॉल्स को एक ऐसे ड्रेसिंग रूम का हिस्सा बनने का मौका मिलेगा, जहां उन्हें फाफ डुप्लेसी और पोलार्ड जैसे अनुभवी टी20 खिलाड़ियों से सीखने का मौका मिलेगा.
SA20 के लीग कमिश्नर भी हुए खुश
SA20 लीग कमिश्नर ग्रीम स्मिथ ने एक बयान में कहा, 'मेरे लिए आज का सबसे खास पल जेसन रोल्स का था. एक 18 साल के खिलाड़ी के लिए दिन की सबसे बड़ी बोली की जंग होना यह दिखाता है कि फ्रेंचाइजी नई पीढ़ी पर कितना भरोसा करती हैं. पिछले साल ही वह रेन स्कूल SA20 के फाइनल में खेल रहे थे और आज वह दुनिया के कुछ बेहतरीन T20 स्टार्स वाली टीम का हिस्सा बनेंगे. हमने यही रास्ता बनाने की कोशिश की थी और इसे कामयाब होते देखना बहुत उत्साहजनक है.'
रोहित शर्मा के कोच से ले चुके हैं ट्रेनिंग
जेसन रॉल्स टीम इंडिया के धमाकेदार बल्लेबाज रोहित शर्मा के कोच रहे दिनेश लाड से भी ट्रेनिंग ले चुके हैं. लाड ने रॉल्स की कुछ वीडियो देखकर उनको भारत आने को कहा था, और रॉल्स भारत आए और कोच दिनेश लाड से एक महीने तक सेशन्स भी लिए.
अब असली परीक्षा SA20 में होगी
ऑक्शन में करोड़ों की बोली लगना जेसन रॉल्स के लिए बड़ी उपलब्धि है, लेकिन असली चुनौती अब शुरू होगी. SA20 का अगला सीजन 17 जनवरी 2027 से शुरू होगा.
रॉल्स के सामने सबसे बड़ा सवाल यही होगा कि क्या वह जूनियर क्रिकेट के अपने शानदार प्रदर्शन को फ्रेंचाइजी टी20 क्रिकेट में भी दोहरा पाएंगे?
18 साल की उम्र में मिली यह कीमत उनके ऊपर दबाव जरूर बढ़ाएगी, लेकिन साथ ही यह उनके लिए दुनिया के बड़े टी20 मंच पर खुद को साबित करने का शानदार मौका भी है.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क