फिल्म व्हेलफॉल में एक युवक स्पर्म व्हेल के पेट में फंस जाता है. इसके बाद वह अपनी जान बचाने और बाहर निकलने का रास्ता खोजने की कोशिश करता है. यह फिल्म 16 अक्टूबर 2026 को रिलीज हुई थी. इसमें ऑस्टिन अब्राम्स ने जे गार्डिनर का किरदार निभाया है. कहानी के मुताबिक, जे समुद्र में स्कूबा डाइविंग कर रहा होता है, तभी वह एक बड़ी स्पर्म व्हेल के मुंह में चला जाता है. यह फिल्म डैनियल क्रॉस के साल 2023 में आए नॉवल पर बनी है.
लेकिन क्या असल जिंदगी में भी कोई इंसान व्हेल के पेट में जिंदा रह सकता है? क्या व्हेल किसी इंसान को पूरा निगल सकती है? वैज्ञानिकों के मुताबिक, ऐसा होना बहुत ही दुर्लभ है. अगर कोई इंसान व्हेल के पेट में पहुंच भी जाए, तो वहां जिंदा बचना बेहद मुश्किल होगा. इसकी वजह पेट के अंदर का दबाव, एसिड और सांस लेने में होने वाली परेशानी है.
क्या स्पर्म व्हेल इंसान को निगल सकती है?
स्पर्म व्हेल समुद्र में रहने वाली एक बड़ी दांत वाली व्हेल है. यह गहरे समुद्र में जाकर शिकार करती है. NOAA के मुताबिक, स्पर्म व्हेल मुख्य रूप से स्क्विड और कुछ दूसरी समुद्री जीवों को खाती है. यह अपना खाना खोजने के लिए समुद्र में काफी नीचे तक जाती है.
यह भी पढ़ें: 60 साल में 5 से 102 हुईं हीट स्टॉर्म, 367 दिन तक धरती को झुलसाती रही गर्मी
वैज्ञानिकों के मुताबिक, बहुत बड़ी स्पर्म व्हेल के गले का आकार ऐसा हो सकता है कि कोई इंसान उसके अंदर चला जाए. लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि व्हेल आमतौर पर इंसानों को खाती है. अब तक किसी व्हेल के इंसान को पूरा निगलने का पक्का मामला सामने नहीं आया है. इसलिए फिल्म में दिखाई गई घटना को असल जिंदगी में आम घटना नहीं माना जा सकता.
व्हेल के पेट में क्या होगा?
स्पर्म व्हेल के पेट में खाने को पचाने के लिए चार हिस्से होते हैं. हर हिस्से का अपना काम होता है. पेट के पहले हिस्से में मांसपेशियां खाने को मसलती हैं. इसके बाद पेट के दूसरे हिस्से में एसिड की मदद से खाना पचता है. अगर कोई इंसान व्हेल के पेट में पहुंच जाए, तो उसे कई तरह के खतरे हो सकते हैं.
पेट की मांसपेशियों का दबाव उसके शरीर को चोट पहुंचा सकता है. वहीं, पेट में मौजूद एसिड भी शरीर को नुकसान पहुंचा सकता है. ऐसे में इंसान के लिए जिंदा रहना बहुत मुश्किल होगा.
क्या ऑक्सीजन टैंक और डाइविंग सूट बचा सकते हैं जान?
फिल्म में जे के पास स्कूबा डाइविंग का सामान होता है. इससे उसे कुछ समय तक सांस लेने में मदद मिलती है. लेकिन असल जिंदगी में सिर्फ ऑक्सीजन टैंक होने से उसकी जान बचने की गारंटी नहीं होगी. पेट के अंदर दबाव और एसिड से भी उसे खतरा होगा.
यह भी पढ़ें: न बंदर, ना लीमर... 90 साल बाद फिर मिला ये दुर्लभ प्राइमेट, काटने से हो सकती है गंभीर एलर्जी
वैज्ञानिक जॉय राइडेनबर्ग के मुताबिक, अगर गोताखोर ने ऐसा सूट पहना है जो शरीर को तरल पदार्थों से बचाता है, तो शरीर के ढके हुए हिस्सों पर एसिड का असर कम हो सकता है. लेकिन शरीर के खुले हिस्सों को नुकसान पहुंच सकता है. इसके अलावा, पेट के अंदर सांस लेना और सुरक्षित रहना बेहद मुश्किल होगा.
व्हेल फॉल क्या होता है?
जब किसी व्हेल की मौत हो जाती है. उसका शरीर समुद्र की गहराई में डूब जाता है, तो इस स्थिति को 'व्हेल फॉल' कहते हैं. व्हेल का शरीर समुद्र में रहने वाले कई जीवों के लिए खाने का स्रोत बन जाता है. छोटे जीव और दूसरे समुद्री जानवर उसके शरीर से पोषण लेते हैं. इससे समुद्र की गहराई में जीवों का अलग समूह बन सकता है.
फिल्म व्हेलफॉल में दिखाई गई कहानी रोमांचक है, लेकिन असल जिंदगी में व्हेल के पेट में फंसकर जिंदा बचना बेहद मुश्किल होगा. अब तक किसी व्हेल के इंसान को पूरा निगलने का पक्का मामला सामने नहीं आया है. इसलिए इसे एक काल्पनिक कहानी के तौर पर देखना चाहिए.
आजतक साइंस डेस्क