Premanand Maharaj: बीते मंगलवार (2 जून) को विराट कोहली अपनी पत्नी एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा के साथ केली कुंज आश्रम, वृंदावन पहुंचे. जहां उन्होंने मथुरा वृंदावन के जाने माने बाबा प्रेमानंद महाराज का आशीर्वाद लिया. जिसकी वीडियो और फोटो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है. आश्रम में दोनों ने कुछ समय बिताया और महाराज जी से आध्यात्मिक मार्गदर्शन भी लिया. उनकी इस यात्रा को लेकर आश्रम और वहां मौजूद श्रद्धालुओं में खास उत्साह देखने को मिला. दोनों अक्सर किसी न किसी धार्मिक स्थल पर जाते रहते हैं.
पिछले कई सालों से अनुष्का शर्मा और विराट कोहली अक्सर वृंदावन आते रहते हैं. दोनों कई बार यह भी कह चुके हैं कि उनके जीवन में अध्यात्म का बहुत महत्व है. उन्हें कई धार्मिक और आध्यात्मिक कार्यक्रमों में साथ देखा गया है. जिसके कारण विराट और अनुष्का लाइमलाइट से दूर रहना पसंद करते है.
संतों को किया प्रणाम
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि अनुष्का शर्मा और विराट कोहली प्रेमानंद महाराज के दर्शन के लिए बहुत ही ज्यादा उत्सुक हैं. जब अनुष्का और विराट गाड़ी से उतरे तो नंगे पैर ही उतरे. गाड़ी से लेकर आश्रम तक दोनों नंगे पैर ही गए. इसके बाद विराट और अनुष्का ने वहां मौजूद सभी संतों को झुककर प्रणाम किया. फिर, प्रेमानंद महाराज के दर्शन हेतु केली कुंज आश्रम में नंगे पैर ही चले गए.
विराट कोहली जब आश्रम से बाहर आए तो उन्होंने वहां खड़े सभी भक्तों को राधे राधे भी बोला. इसके अलावा, आश्रम से लौटते वक्त विराट कोहली के हाथ में श्रीमद्भगवत पुराण भी था, जो शायद उन्हें महाराज जी की तरफ से भेंट स्वरूप मिला हो.
अनुष्का-विराट का अध्यात्म से संबंध
अनुष्का शर्मा और विराट कोहली अपनी जिंदगी के खास मौकों पर प्रेमानंद महाराज का आशीर्वाद लेना नहीं भूलते हैं. इससे पहले भी दोनों अक्षय तृतीया पर और अपने बेटे अकाय के जन्मदिन पर आश्रम जाकर महाराज जी के दर्शन कर चुके हैं.
जीत के बाद लिया आशीर्वाद
दरअसल, विराट कोहली की इस यात्रा का मकसद उनकी आईपीएल 2026 की जीत थी. 31 मई को आईपीएल 2026 में लगातार दूसरी बार रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को चैंपियन बनाने के बाद विराट कोहली अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ वृंदावन पहुंचे. मैच में आरसीबी ने गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हराकर लगातार दूसरे बार आईपीएल की ट्रॉफी हासिल की. विराट कोहली का फाइनल मैच में अहम योगदान रहा. जिसमें उन्होंने 75 रन की पारी खेली और अपनी टीम को भी जीत दिलाई.
aajtak.in