Grah Gochar March 2026: ज्योतिष शास्त्र के नजरिए से साल 2026 का मार्च महीना बेहद उथल-पुथल भरा और महत्वपूर्ण रहने वाला है. इस महीने की शुरुआत ही एक बड़े बदलाव के साथ हो रही है. 2 मार्च 2026 को ऐश्वर्य और सुख के देवता शुक्र कुंभ राशि को छोड़कर अपनी उच्च राशि मीन में प्रवेश करेंगे. शुक्र के इस गोचर से 'मालव्य राजयोग' का निर्माण होगा, जिसे ज्योतिष में सुख-समृद्धि के लिए अत्यंत शुभ माना जाता है. इतना ही नहीं, इस दौरान कुंभ राशि में सूर्य, मंगल, बुध और राहु की चतुर्ग्रही युति बनेगी, जबकि मीन राशि में शुक्र और शनि की जुगलबंदी देखने को मिलेगी. मार्च की 15 तारीख को सूर्य भी मीन राशि में प्रवेश कर जाएंगे, जिससे वहां त्रिग्रही योग बनेगा. 4 मार्च को होली के उत्सव से ठीक पहले ग्रहों का यह संयोग 4 विशेष राशियों के लिए खुशियों की सौगात लेकर आ रहा है. आइए जानते हैं किन राशियों पर बरसेगी कृपा
वृषभ राशि (Taurus)
आपकी राशि के स्वामी शुक्र का उच्च राशि में जाना आपके लिए 'गोल्डन पीरियड' की शुरुआत है. मार्च के महीने में आपकी आय के स्रोतों में जबरदस्त इजाफा होगा. जो लोग नौकरीपेशा हैं, उन्हें प्रमोशन या इंक्रीमेंट मिल सकता है. एकादश भाव में सूर्य की उपस्थिति व्यापार विस्तार में सहायक होगी. आपकी मधुर वाणी समाज में आपकी प्रतिष्ठा बढ़ाएगी. परिवार का पूरा सहयोग आपको मिलेगा.
मिथुन राशि (Gemini)
आर्थिक संपन्नता के मामले में मार्च का महीना आपके लिए वरदान साबित होगा. शुक्र का आपके कर्म भाव में बैठना आपकी क्रिएटिविटी को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा. अगर आप कला, संगीत, अभिनय या लेखन से जुड़े हैं, तो कोई बड़ी उपलब्धि हाथ लग सकती है. पुराने निवेश से आपको उम्मीद से बेहतर रिटर्न मिलने के योग हैं, जिससे बैंक बैलेंस में बढ़ोतरी होगी.
वृश्चिक राशि (Scorpio)
वृश्चिक राशि के विद्यार्थियों के लिए यह समय किसी 'गेमचेंजर' से कम नहीं है. प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को सुखद परिणाम मिलेंगे. अटका हुआ धन वापस मिलने से आर्थिक तंगी दूर होगी. करियर में उन्नति के नए रास्ते खुलेंगे, आप घर में किसी मांगलिक उत्सव का हिस्सा बन सकते हैं. अपनों के साथ संबंधों में प्रगाढ़ता आएगी.
कुंभ राशि (Aquarius)
मार्च का महीना आपकी ऊर्जा और आत्मविश्वास को सातवें आसमान पर ले जाएगा. आपकी राशि के द्वितीय भाव में सूर्य और शुक्र का प्रभाव आपकी कार्यक्षमता को बढ़ाएगा. कार्यक्षेत्र में आपकी लीडरशिप की सराहना होगी. आपको नई जिम्मेदारियां मिल सकती हैं. विदेशी व्यापार से जुड़े जातकों को मोटा मुनाफा होने की संभावना है. स्वास्थ्य में भी बड़ा सुधार देखने को मिलेगा.
aajtak.in