Budhaditya Rajyog on Diwali 2026: दिवाली का त्योहार इस बार कुछ राशियों के लिए खास खुशखबरी लेकर आ सकता है. ज्योतिषीय गणना के अनुसार, 8 नवंबर 2026 को दिवाली के दिन बुधादित्य राजयोग का शुभ संयोग बनने जा रहा है. इस योग को ज्योतिष शास्त्र में काफी महत्वपूर्ण माना जाता है. मान्यता है कि इसका संबंध बुद्धि, तरक्की, मान-सम्मान और आर्थिक मजबूती से होता है. ऐसे में इस खास संयोग का असर कुछ राशि के जातकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकता है.
दरअसल, बुधादित्य राजयोग तब बनता है, जब सूर्य और बुध एक ही राशि में विराजमान होते हैं. ज्योतिष में सूर्य को आत्मविश्वास, प्रतिष्ठा और सरकारी क्षेत्र का कारक माना गया है. वहीं बुध को बुद्धि, वाणी, व्यापार और गणना से जोड़कर देखा जाता है. इन दोनों ग्रहों की युति से बनने वाला यह योग करियर और कारोबार के लिहाज से शुभ माना जाता है.
इस बार बुधादित्य राजयोग का लाभ मेष, तुला, कन्या और कुंभ राशि के जातकों को मिल सकता है. इन लोगों को नौकरी में तरक्की के मौके मिल सकते हैं. कारोबार में नए रास्ते खुल सकते हैं. आइए जानते हैं इन चार राशियों के लिए दिवाली का यह संयोग कैसा रहने वाला है.
कैसे बन रहा है बुधादित्य राजयोग?
पंचांग के अनुसार, बुध ग्रह ने 26 सितंबर को तुला राशि में प्रवेश किया था. इसके बाद सूर्य देव ने 17 अक्टूबर को तुला राशि में गोचर किया. तुला राशि में सूर्य और बुध की मौजूदगी से बुधादित्य राजयोग बन रहा है. ज्योतिषीय गणना के अनुसार, यह संयोग 16 नवंबर तक रहेगा. इसके बाद सूर्य देव तुला राशि से निकलकर वृश्चिक राशि में प्रवेश करेंगे.
मेष राशि (Aries Zodiac)
मेष राशि वालों के लिए दिवाली का समय काफी अच्छा रह सकता है. नौकरी करने वालों को तरक्की के नए मौके मिल सकते हैं. कार्यक्षेत्र में आपके काम की सराहना होगी. कोई नई जिम्मेदारी भी मिल सकती है. आमदनी बढ़ने के संकेत हैं. कारोबार से जुड़े लोगों को नई डील मिल सकती है. इससे अच्छा मुनाफा होने की उम्मीद है. कुल मिलाकर करियर और पैसों के मामले में समय अनुकूल रह सकता है.
तुला राशि (Libra Zodiac)
तुला राशि वालों के लिए बुधादित्य राजयोग आर्थिक मामलों में राहत देने वाला साबित हो सकता है. काफी समय से अटके हुए पैसों को लेकर अच्छी खबर मिल सकती है. नौकरी में आपके काम को पहचान मिल सकती है. वहीं व्यापार करने वालों को नए क्लाइंट या किसी बड़ी डील से फायदा होने के संकेत हैं. धन से जुड़ी योजनाओं में भी सफलता मिल सकती है.
कन्या राशि (Virgo Zodiac)
कन्या राशि के लोगों के लिए यह राजयोग कई मामलों में अनुकूल रह सकता है. आपकी समझदारी और सही फैसले कार्यक्षेत्र में फायदा पहुंचा सकते हैं. जो काम लंबे समय से पूरे नहीं हो पा रहे थे, उनमें तेजी आने की उम्मीद है. रुका हुआ पैसा वापस मिलने के योग बन सकते हैं. इसके अलावा कमाई के नए साधन भी मिल सकते हैं.
कुंभ राशि (Aquarius Zodiac)
कुंभ राशि के जातकों के लिए बुधादित्य राजयोग नई संभावनाओं के दरवाजे खोल सकता है. नौकरी में बदलाव या तरक्की के अवसर मिल सकते हैं. जो लोग अपना कारोबार चला रहे हैं, वे बिजनेस को आगे बढ़ाने की योजना बना सकते हैं. आर्थिक स्थिति में सुधार के संकेत हैं. परिवार में भी सुखद माहौल बना रह सकता है.
aajtak.in