रात में भाई से मांगी मदद, सुबह अस्पताल में मिला विवाहिता का शव, पति समेत 5 पर केस दर्ज

राजस्थान के सवाई माधोपुर के लक्ष्मी विहार कॉलोनी खेरदा में एक विवाहिता ने फंदे से लटक कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. पीहर पक्ष ने पति और उसके परिवार पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है. मृतका के परिजनों का दावा है कि वह लंबे समय से बाइक और कार की मांग को लेकर परेशान थी.

Advertisement
दहेज में स्प्लेंडर बाइक और कार की मांग का आरोप.(Photo: Sunil Joshi/ITG) दहेज में स्प्लेंडर बाइक और कार की मांग का आरोप.(Photo: Sunil Joshi/ITG)

सुनील जोशी

  • सवाई माधोपुर,
  • 31 मई 2026,
  • अपडेटेड 10:22 PM IST

राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद दहेज प्रताड़ना और दहेज हत्या के आरोपों ने मामला गंभीर बना दिया है. कोतवाली थाना क्षेत्र की लक्ष्मी विहार कॉलोनी, खेरदा में रहने वाली विवाहिता ने कथित तौर पर फंदे से लटककर जान दे दी. घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

Advertisement

मृतका के पीहर पक्ष ने इस मामले में पति, सास, ससुर, ननद और देवर के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

यह भी पढ़ें: सवाई माधोपुर: लटिया नाले के तेज बहाव में फंसी कार, तीन लोगों की बाल-बाल बची जान

परिजनों के अनुसार, मृतका नेहा उर्फ बीरा नायक निवासी खण्डेवत, जिला टोंक की शादी 22 अप्रैल 2023 को सवाई माधोपुर के लक्ष्मी विहार कॉलोनी, खेरदा निवासी संजय नायक पुत्र ओम नायक से हुई थी. शादी के दौरान पीहर पक्ष ने अपनी हैसियत के अनुसार आवश्यक सामान दहेज में दिया था.

परिजनों का कहना है कि शादी के करीब एक साल बाद नेहा ने एक बेटी को जन्म दिया. इसके बाद से पति संजय नायक कथित तौर पर दहेज में स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और कार की मांग करने लगा. आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता पर लगातार दबाव बनाया जाता था.

Advertisement

पीहर पक्ष का यह भी आरोप है कि दहेज नहीं मिलने पर पति तलाक की बात करने लगा था. परिवार के लोग तलाक के लिए भी तैयार हो गए थे, लेकिन पति की ओर से इस दिशा में कोई कानूनी कदम नहीं उठाया गया.

मृतका के रिश्तेदारों के अनुसार, 30 मई 2026 की रात नेहा ने अपने भाई को फोन किया था. फोन पर उसने अपने भाई से उसे ससुराल से ले जाने की बात कही थी. भाई ने उसे भरोसा दिया कि वह अगले दिन सुबह उसे लेने आएगा.

परिजनों का आरोप है कि अगले दिन यानी 31 मई की सुबह नेहा के ससुर ने उसके ताऊ को फोन कर बताया कि उसकी तबीयत खराब है और जिला अस्पताल पहुंच जाएं. जब पीहर पक्ष के लोग अस्पताल पहुंचे तो वहां नेहा का शव पड़ा मिला.

घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों ने महिला थाने पहुंचकर पति संजय नायक, ससुर, सास, ननद और देवर के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया.

महिला थाना प्रभारी भोजाराम ने बताया कि मृतका के भाई संजय की रिपोर्ट पर ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज किया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों को सौंप दिया गया है.

Advertisement

फिलहाल पुलिस विवाहिता की मौत के कारणों और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच में जुटी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »