पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए आई 50 करोड़ की हेरोइन जब्त, महिला समेत 3 तस्कर गिरफ्तार

राजस्थान के श्रीगंगानगर में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए लाई गई 10.419 किलो हेरोइन बरामद की है. करीब 50 करोड़ रुपये कीमत की इस खेप के साथ एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने नकदी और तस्करी में इस्तेमाल कार भी जब्त कर नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है.

Advertisement
10.419 किलो हेरोइन बरामद.(Photo: Screengrab) 10.419 किलो हेरोइन बरामद.(Photo: Screengrab)

aajtak.in

  • श्रीगंगानगर,
  • 27 जून 2026,
  • अपडेटेड 8:15 PM IST

राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन सीमा संकल्प' के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भारत पहुंचाई गई 10 किलो 419 ग्राम 52 मिलीग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद करते हुए एक महिला समेत तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है. बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 50 करोड़ रुपये आंकी जा रही है.

Advertisement

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 61 हजार 200 रुपये नकद और तस्करी में इस्तेमाल की गई एक कार भी जब्त की है. पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है.

यह भी पढ़ें: राजस्थान: श्रीगंगानगर में आसमान से बरसी आग, 48.2 डिग्री के साथ बना दुनिया का सबसे गर्म शहर

जिला पुलिस अधीक्षक हरी शंकर ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रायसिंहनगर रामेश्वरलाल, वृत्ताधिकारी प्रतिक मील और पुलिस उपाधीक्षक हनुमान सिंह राठौड़ के सुपरविजन में पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया गया.

नाकाबंदी के दौरान भागने की कोशिश

पुलिस के अनुसार, 26-27 जून की रात जैतसर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि पंजाब नंबर की एक संदिग्ध कार श्रीविजयनगर की ओर से सूरतगढ़ की तरफ आने वाली है. सूचना के आधार पर जैतसर और सदर थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से अनूपगढ़-सूरतगढ़ मार्ग पर नाकाबंदी कर दी.

Advertisement

नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने संदिग्ध कार को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने वाहन वापस मोड़कर तेज रफ्तार से भागने की कोशिश की. पुलिस ने पीछा किया तो आरोपी ने पुलिस की निजी कार में टक्कर मार दी. इस हादसे में दोनों वाहनों का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और एक पुलिसकर्मी घायल हो गया.

इसके बावजूद पुलिस टीम ने कार को घेरकर कब्जे में ले लिया. तलाशी के दौरान कार से 20 पैकेटों में 9 किलो 908 ग्राम हेरोइन और 1 लाख 40 हजार रुपये नकद बरामद किए गए.

महिला आरोपी के घर से भी मिली हेरोइन

मौके से पंजाब के लुधियाना निवासी धर्मेंद्र सिंह उर्फ बब्बू और श्रीगंगानगर के समेजा कोठी निवासी जसविंद्र सिंह उर्फ जस्सी को गिरफ्तार किया गया. दोनों से पूछताछ के बाद पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू की.

जांच के दौरान पुलिस थाना समेजा कोठी की टीम ने जसविंद्र सिंह की पत्नी नवजोत कौर उर्फ ज्योति के घर पर छापा मारा. वहां से 511 ग्राम 52 मिलीग्राम हेरोइन और 21 हजार 200 रुपये नकद बरामद किए गए. महिला आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया.

दोनों कार्रवाई में कुल 10 किलो 419 ग्राम 52 मिलीग्राम हेरोइन और 1 लाख 61 हजार 200 रुपये नकद बरामद हुए. पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की गई कार को भी जब्त कर लिया है.

Advertisement

ड्रोन नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस का मानना है कि बरामद हेरोइन पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भारतीय सीमा में भेजी गई थी. शुरुआती जांच में सीमा पार से संचालित तस्करी नेटवर्क की आशंका सामने आई है.

गिरफ्तार तीनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि ड्रोन से भेजी गई खेप किसने रिसीव की, किन लोगों तक इसकी सप्लाई होनी थी और इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन शामिल है.

पुलिस का कहना है कि पूरे गिरोह की कड़ियां जोड़ने और सीमा पार संचालित ड्रग तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए गहन अनुसंधान जारी है. आने वाले दिनों में इस मामले में और गिरफ्तारियां होने की भी संभावना से इनकार नहीं किया गया है.

---- समाप्त ----
(रिपोर्ट- हरनेक सिंह)

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »