'लो देख लो गाइज...' रेलवे ट्रैक पर भाई-बहन की रीलबाजी, रेलवे पुलिस ने दोनों को अरेस्ट कर लिया

राजस्थान के सवाई माधोपुर में एक युवक ने अपनी बहन के साथ रेलवे ट्रैक पर रील बनाई और सोशल मीडिया पर अपलोड कर दी. जब ये वीडियो वायरल हो गया तो मामला रेलवे के अधिकारियों तक पहुंच गया. रेलवे ट्रैक पर खड़े होकर वीडियो बनाने के आरोप में रेलवे सुरक्षा बल ने एक्शन लेते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया है.

Advertisement
रेलवे ट्रैक पर बनाई थी रील. (Photo: Screengrab) रेलवे ट्रैक पर बनाई थी रील. (Photo: Screengrab)

सुनील जोशी

  • सवाई माधोपुर,
  • 27 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 2:39 PM IST

राजस्थान के सवाई माधोपुर में सोशल मीडिया के लिए रील बनाना भाई-बहन को महंगा पड़ गया. रेलवे ट्रैक पर खड़े होकर वीडियो बनाने पर पुलिस ने एक्शन लिया है. वायरल वीडियो के आधार पर रेल सुरक्षा बल (RPF) ने दोनों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया.

मामला मलारना रेलवे स्टेशन के पास बनास नदी के रेलवे पुल का है, जहां पीलवा गांव का रहने वाला युवक अपनी बहन के साथ रेलवे ट्रैक पर खड़े होकर रील बना रहे थे. इस दौरान उन्हें यह कहते सुना गया कि 'ये देख लो गाइज, ये खास रास्ता है...' उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो में दोनों रेलवे ट्रैक और पुल पर खतरनाक तरीके से खड़े नजर आए, जो न सिर्फ नियमों का उल्लंघन था, बल्कि उनकी जान के लिए भी गंभीर खतरा था.

Advertisement

वीडियो सामने आने के बाद रेल सुरक्षा बल सवाई माधोपुर ने मामले को गंभीरता से लिया. टीम ने तुरंत जांच शुरू की और तकनीकी व स्थानीय जानकारी के आधार पर दोनों की पहचान कर ली. इसके बाद कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया.

यह भी पढ़ें: ड्यूटी पर निकले दारोगा जी की रीलबाजी... गमछा डालकर लहराया हथियार, वीडियो वायरल हुआ तो एसपी ने सस्पेंड कर दिया

RPF अधिकारियों के मुताबिक, दोनों के खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 147 के तहत मामला दर्ज किया गया है, जो रेलवे परिसर में अनधिकृत एंट्री से संबंधित है. 

रेलवे सुरक्षा बल ने इस घटना को लेकर सख्त संदेश दिया है कि रेलवे ट्रैक, पुलों या स्टेशन परिसर में इस तरह की गतिविधियां प्रतिबंधित हैं. ट्रैक पर चलना, खड़ा होना या वीडियो बनाना न सिर्फ कानूनन अपराध है, बल्कि यह जानलेवा भी साबित हो सकता है.

Advertisement

अधिकारियों ने बताया कि हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाहत में लोग इस तरह के खतरनाक स्टंट कर रहे हैं, जिससे हादसों का खतरा बढ़ जाता है. कई मामलों में ऐसे स्टंट जानलेवा भी साबित हुए हैं.

रेलवे प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज के लिए अपनी जान जोखिम में न डालें. रेलवे ट्रैक और पुलों पर जाना सख्त मना है और ऐसा करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement