जयपुर के चाकसू क्षेत्र में शनिवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की जान चली गई. हादसा कोटा–जयपुर नेशनल हाईवे-52 पर टिगरिया मोड़ के पास सुबह करीब साढ़े पांच बजे हुआ. पुलिस के अनुसार सभी लोग जबलपुर के रहने वाले थे और धार्मिक यात्रा पर निकले थे.
बताया गया कि वे उज्जैन में महाकालेश्वर महादेव के दर्शन करने के बाद खाटूश्यामजी जा रहे थे. इसी दौरान कार चालक को झपकी आ गई और गाड़ी आगे चल रहे ट्रेलर में जा घुसी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई.
यह भी पढ़ें: आंखों में मिर्च, हाथ में चाकू और... जयपुर में दुकानदार से लूट की साजिश नाकाम, Video
चार की मौके पर मौत, एक ने रास्ते में तोड़ा दम
हादसे में एक महिला सहित चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसे अस्पताल ले जाया जा रहा था. मगर, उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया. मृतकों की पहचान रेशमा श्रीवास्तव, पीयूष राय, राहुल रजक, शानू और चालक अनुराग के रूप में हुई है.
हादसे के बाद कुछ समय के लिए नेशनल हाईवे पर यातायात बाधित रहा. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दुर्घटना थाना पुलिस मौके पर पहुंची. क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को हटाया गया और फिर ट्रैफिक को सामान्य किया गया.
दो दिन पहले निकले थे दर्शन के लिए
पुलिस के मुताबिक, सभी लोग दो दिन पहले उज्जैन दर्शन के लिए निकले थे. 13 फरवरी को महाकाल के दर्शन करने के बाद वे खाटूश्यामजी की ओर रवाना हुए थे. रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया.
सभी शवों को चाकसू उपजिला अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया गया है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे का कारण चालक को झपकी आना था. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
विशाल शर्मा