थाने की रसोई में रेंगता दिखा 8 फीट लंबा जहरीला सांप, जान बचाकर भागने लगे पुलिसकर्मी

राजस्थान के अलवर जिले के राजगढ़ पुलिस थाने में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब मेस के पास अचानक करीब 8 फीट लंबा सांप दिखाई दिया. सांप को देखते ही पुलिसकर्मी इधर-उधर भागने लगे. सूचना मिलने पर रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद सांप को पकड़कर सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया.

Advertisement
रेस्क्यू टीम ने कहा- सांप काफी जहरीला था. (Photo: Screengrab) रेस्क्यू टीम ने कहा- सांप काफी जहरीला था. (Photo: Screengrab)

हिमांशु शर्मा

  • अलवर,
  • 10 मई 2026,
  • अपडेटेड 2:44 PM IST

राजस्थान के अलवर जिले के राजगढ़ पुलिस थाने में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब थाना परिसर की रसोई के पास अचानक करीब 8 फीट लंबा जहरीला सांप दिखाई दिया. सांप को देखते ही वहां मौजूद पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया. कई पुलिसकर्मी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. कुछ देर के लिए पूरे थाने का माहौल दहशत में बदल गया.

Advertisement

सुबह के समय पुलिसकर्मी रोजाना की तरह थाना परिसर में बने मेस और आसपास के इलाके में मौजूद थे. तभी अचानक मेस के पास एक विशालकाय सांप रेंगता हुआ दिखाई दिया. सांप इतना बड़ा था कि उसे देखते ही मौके पर मौजूद लोग डर गए. सांप काफी देर तक वहीं घूमता रहा, जिससे पुलिसकर्मियों के साथ-साथ थाने में आए लोगों में भी भय का माहौल बन गया.

मामले की सूचना तुरंत राजगढ़ थानाधिकारी राजेश मीणा को दी गई. इसके बाद नगरपालिका कर्मचारी और रेस्क्यू टीम सदस्य जुगनू तंबोली को बुलाया गया. सूचना मिलते ही जुगनू तंबोली अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सांप को पकड़ने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया.

रेस्क्यू टीम ने सावधानी के साथ सांप को पकड़ने की कोशिश की, क्योंकि सांप बेहद जहरीला बताया जा रहा था. ऑपरेशन के दौरान कई बार सांप तेजी से इधर-उधर भागने लगा, जिससे मौके पर मौजूद लोगों की सांसें थम गईं. करीब काफी देर की मशक्कत के बाद टीम ने आखिरकार सांप को सुरक्षित तरीके से काबू में कर लिया.

Advertisement

यह भी पढ़ें: Snake in Home: घर बन जाएगा सांपों का अड्डा, हर दिन आप भी तो नहीं कर रहे ये गलतियां!

इस दौरान सांप को देखने के लिए थाने में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए. कई लोग मोबाइल फोन से वीडियो बनाते नजर आए. पुलिसकर्मी भी रेस्क्यू ऑपरेशन खत्म होने तक सतर्क बने रहे.

रेस्क्यू टीम सदस्य जुगनू तंबोली ने बताया कि सांप को सुरक्षित पकड़ने के बाद उसे जंगल क्षेत्र में ले जाकर छोड़ दिया गया है. उन्होंने बताया कि गर्मी के मौसम में अक्सर सांप ठंडी और सुरक्षित जगहों की तलाश में आबादी वाले इलाकों में पहुंच जाते हैं. सांप के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद पुलिसकर्मियों ने राहत की सांस ली. स्थानीय लोगों ने भी रेस्क्यू टीम की सतर्कता और सूझबूझ की सराहना की. वहीं इस घटना का वीडियो सामने आया है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement