थलपति विजय ने तो तमिलनाडु में कमाल कर दिया है. नए नवेले राजनीतिक दल तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) के नेता थलपति विजय ने सत्ताधारी डीएमके और AIADMK दोनों को पीछे छोड़ दिया है. अपने पहले ही चुनाव में शानदार प्रदर्शन से विजय ने MGR और NTR की याद दिला दी है.
एग्जिट पोल में तमिलनाडु में त्रिशंकु विधानसभा की आशंका जताई गई थी, और रुझानों में भी करीब करीब वैसे ही संकेत मिल रहे हैं. बुरी खबर डीएमके और एमके स्टालिन के लिए है, जिनके सारे चुनावी पैंतरे नाकाम साबित हुए हैं. वोटिंग के ठीक पहले डीएमके ने चुनाव कैंपेन की रणनीति दो बार बदली थी. पहले परिसीमन को चुनावी मुद्दा बनाकर, और बाद में बिल के गिर जाने को एमके स्टालिन की जीत के तौर पर पेश करके.
ज्यादातर एग्जिट पोल में विजय की पार्टी टीवीके को किंगमेकर के रूप में तो पेश किया गया था, लेकिन तीसरे पायदान पर रखा गया था - सिर्फ Axis My India के एग्जिट पोल में विजय को बहुमत के करीब या बहुत हासिल करते प्रोजेक्ट किया गया था.
तमिलनाडु में एग्जिट पोल सही
TVK नेता थलपति विजय को रुझानों में 100 से ज्यादा सीटें मिल चुकी हैं. हैरानी की बात यह भी है कि सत्ताधारी डीएमके सबसे पीछे चल रही है. यहां तक कि मुख्यमंत्री एमके स्टालिन भी कोलाथुर विधानसभा सीट पर टीवीके उम्मीदवार वीएस बाबू से पीछे चल रहे हैं.
Axis My India के एग्जिट पोल में थलपति विजय की पार्टी टीवीके को 98 से 120 सीटें मिलने की संभावना जताई गई थी. एग्जिट पोल करने वाली बाकी एजेंसियां विजय को 10 से 26 विधानसभा सीटें मिलने का अनुमान जता रही थीं.
वैसे एक्सिस माय इंडिया के आंकड़े विजय के मामले में तो सही साबित हुए हैं, लेकिन AIADMK को लेकर उनके प्रोजेक्शन बिल्कुल गलत साबित हुआ है. एक्सिस माय इंडिया ने विजय AIADMK के हिस्से 22-32 विधानसभा सीटों का अंदाजा लगाया था, लेकिन रुझानों में उसने डीएमके को पछाड़ दिया है.
एक्सिस माय इंडिया का एग्जिट पोल या तो विजय के मामले में सही साबित होता या एमके स्टालिन के केस में. विजय के मामले में एक्सिस माय इंडिया का पोल सही साबित हो रहा है, इसलिए डीएमके के केस में गलत हो गया है. एक्सिस माय इंडिया ने डीएमके के लिए 92-110 सीटों की भविष्यवाणी की थी.
विजय का प्रदर्शन MGR जैसा
थलपति विजय अभी रुझानों में भी बहुमत से दूर हैं, लेकिन उसी राह पर आगे बढ़ रहे हैं जिस रास्ते चलकर कभी एमजी रामचंद्रन ने कामयाबी हासिल की थी. 1977 के तमिलनाडु चुनाव में MGR के नाम से मशहूर एमजी रामचंद्रन की पार्टी AIADMK को 33.5 फीसदी वोट मिले थे. एक्सिस माय इंडिया के एग्जिट पोल के मुताबिक, विजय की पार्टी टीवीके को 35 फीसदी वोट शेयर हासिल होने की संभावना है.
AIADMK के गठन के पांच साल बाद, पहले ही चुनाव में एमजी रामचंद्रन के गठबंधन को 144 सीटों पर जीत मिली थी, जिसमें अकेले उनकी पार्टी के हिस्से में 130 सीटें आई थीं - और फिल्म स्टार से एमजी रामचंद्रन सीधे तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बन गए थे.
अभिनेता से नेता बनने के बाद विजय भी उसी राह पर तेजी से आगे बढ़ रहे हैं, लेकिन सफर अभी उतना आसान भी नहीं लग रहा है - और सभी नतीजे आ जाने के बाद विजय की चुनौतियां आगे और ज्यादा प्रतीत हो रही हैं.
वोटों की गिनती शुरू होने के पहले से ही विजय को अपने संभावित विधायकों को एकजुट रखने की चुनौती महसूस होने लगी थी. विजय ने अपने सलाहकारों की मदद से संभावित विधायकों को एकजुट रखने के लिए खास रणनीति तैयार की है. टीवीके सूत्रों के अनुसार, थलपति विजय ने नतीजे घोषित होते ही चुनाव जीतने वाले सभी उम्मीदवारों को सीधे पनैयूर टीवीके मुख्यालय पहुंचने का निर्देश दिया है.
तमिलनाडु चुनाव से पहले तमिलनाडु कांग्रेस के नेता टीवीके के साथ गठबंधन के पक्ष में दिखे थे, जबकि बीजेपी की तरफ से विजय को डिप्टी सीएम पद का ऑफर मिलने खबर आई थी. लेकिन, विजय ने अकेले चुनाव लड़ने का फैसला किया, और फैसला सही साबित होता लगता है.
टीवीके के बाद दूसरे पोजीशन पर नजर आ रही AIADMK ने बीजेपी के साथ चुनावी गठबंधन किया है, जबकि डीएमके का पहले से ही कांग्रेस के साथ गठबंधन रहा है - अगर बहुमत नहीं हासिल हो पाता, तो भी किंगमेकर तो विजय ही रहेंगे.
विजय को ऐसी कामयाबी क्यों मिल रही है
1. Axis My India के प्रमुख प्रदीप गुप्ता ने चुनाव नतीजे आने से पहले ही विजय के संभावित प्रदर्शन में 70 के दशक में तमिलनाडु में एमजी रामचंद्रन की AIADMK और 1982 में एनटी रामाराव की पार्टी TDP को मिली चुनावी कामयाबी की झलक देखी थी.
2. प्रदीप गुप्ता ने थलपति विजय के तमिलनाडु चुनाव में क्लीन-स्वीप करने के संकेत दे चुके थे.
3. Axis My India के मुताबिक, थलपति विजय को सबसे ज्यादा युवाओं का सपोर्ट मिला है. युवाओं से प्रदीप गुप्ता का आशय 18 साल से 39 साल के तमिलनाडु के लोगों से है.
4. प्रदीप गुप्ता ने विजय की पार्टी टीवीके को भी डीएमके के बराबर 35 फीसदी वोट मिलने की संभावना जताई थी.
5. प्रदीप गुप्ता ने विजय की कामयाबी में युवाओं के साथ साथ महिलाओं की भी बड़ी भूमिका होने की बात कही थी. एक्सिस माय इंडिया ने टीवीके को महिलाओं के 38 फीसदी और पुरुषों के 32 फीसदी वोट मिलने की संभावना जताई थी.
मृगांक शेखर