ट्विशा शर्मा की मौत के 12 दिन बाद उनका अंतिम संस्कार किया गया. रविवार को मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के आदेश पर दिल्ली एम्स की चार सदस्यीय मेडिकल टीम ने उनका दूसरा पोस्टमार्टम पूरा किया, जिसके बाद शाम को अंतिम संस्कार संपन्न हुआ. पोस्टमार्टम प्रक्रिया लगभग 3:40 बजे समाप्त होने के बाद पार्थिव शरीर को भोपाल के भदभदा विश्राम घाट ले जाया गया, जहां अंतिम संस्कार किया गया.
इस बीच सास गिरिबाला सिंह के घर पुलिस टीम पहुंची. एम्स डॉक्टर्स की टीम भी साथ में मौजूद थी. पुलिस ने आत्महत्या वाली जगह का निरिक्षण किया. पुलिस और डॉक्टर्स की टीम ने स्पॉट वेरिफिकेशन किया.
मोर्चरी के बाहर भावुक माहौल
मोर्चरी के बाहर पूरे दिन भावुक माहौल देखने को मिला. परिजन शव के इंतजार में रोते-बिलखते नजर आए, जबकि मेडिकल और प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी की जा रही थीं. परिवार ने पहले ही निर्णय ले लिया था कि अंतिम संस्कार रविवार को ही किया जाएगा.
पिता ने की थी ये अपील
अंतिम संस्कार से पहले ट्विशा के पिता नवनीधि शर्मा ने भावुक अपील करते हुए भोपाल के लोगों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, महिलाओं और युवाओं से अंतिम यात्रा में शामिल होने की अपील की. उन्होंने कहा कि उनकी बेटी ने सपनों के साथ जीवन की नई शुरुआत की थी, लेकिन उसे समय से पहले खो दिया गया. उन्होंने इसे सिर्फ अपने परिवार का नहीं, बल्कि समाज के लिए भी गहरा आघात बताया.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने में लगेगा समय
ट्विशा शर्मा मौत मामले में AIIMS नई दिल्ली के फॉरेंसिक मेडिसिन और टॉक्सिकोलॉजी विभाग के प्रोफेसर और प्रमुख डॉ. सुधीर कुमार गुप्ता ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट तैयार होने में अभी समय लगेगा, क्योंकि कुछ लैब टेस्ट जैसे हिस्टोपैथोलॉजी और विसरा जांच जरूरी हैं.
उन्होंने कहा कि एम्स दिल्ली के वरिष्ठ डॉक्टरों की टीम कल वापस लौटेगी और अपने साथ सभी सैंपल, फोटोग्राफ, वीडियो रिकॉर्डिंग और लिखित निष्कर्ष लेकर जाएगी, जिसके आधार पर आगे की विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी.
दिल्ली से आई थी एम्स की टीम
एम्स दिल्ली की टीम को हाईकोर्ट के निर्देश पर दूसरा पोस्टमार्टम करने के लिए भेजा गया था. यह टीम शनिवार रात भोपाल पहुंची और रविवार सुबह एम्स भोपाल में जांच प्रक्रिया शुरू की. परिवार ने पहले पोस्टमार्टम पर कई सवाल उठाते हुए दोबारा विस्तृत जांच की मांग की थी.
परिजनों ने आरोप लगाया था कि पहले पोस्टमार्टम में कुछ महत्वपूर्ण पहलुओं की जांच ठीक से नहीं हुई, जिनमें चोट के निशान, गर्दन की जांच और अन्य फोरेंसिक पहलू शामिल थे.
12 मई को मृत मिली थी ट्विशा
गौरतलब है कि 33 वर्षीय ट्विशा शर्मा 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित अपने ससुराल में मृत पाई गई थीं. परिवार ने दहेज प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है, जबकि ससुराल पक्ष ने नशे की लत का दावा किया है. मामले में पुलिस ने पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जिसमें पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है.
रवीश पाल सिंह