मध्य प्रदेश के सागर जिले में जहरीली शराब का कहर देखने को मिला है. बंडा इलाके में जहरीली शराब पीने से 11 लोगों की जान चली गई है. शनिवार रात बंडा के घूघर, नौराज, बराज और आसपास के क्षेत्र के लोगों ने शराब पी थी. इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई.
परिजन बीमार लोगों को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे. अब पुलिस मामले की जांच कर रही है.
जहरीली शराब पीने से हुई मौत का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है. सुबह 9 बजे तक 6 लोगों के जान जाने की खबर थी जो कि 11 बजे तक 9 हो गई. वहीं 12 बजे तक 11 लोगो की मौत की आधिकारिक पुष्टि हो गयी है.
शराब पीने से बीमार हुए लोगों का बंडा सिविल अस्पातल, बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल सहित निजी अस्पतालों में लोगो का इलाज चल रहा है. कई भर्ती मरीजों की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है
हाल ही में देश के दूसरे राज्यों में भी जहरीली शराब के मामले सामने आए हैं. पिछले महीने गुजरात के भावनगर जिले में जहरीली शराब पीने से 13 लोगों की जान चली गई थी, जबकि एक दर्जन से ज्यादा लोग अस्पताल में भर्ती हुए थे.
बढ़ सकती है मौतौं की संख्या
इस मामले को लेकर CMHO सागर देवेश पटेरिया ने कहा, 'डॉक्टरों और नर्सों की हमारी टीमें तीन प्रभावित गांवों में लगातार काम कर रही हैं, घर-घर जाकर जांच कर रही हैं और मरीज़ों की पहचान कर रही हैं. लक्षण मिथाइल अल्कोहल पॉइजनिंग के हो सकते हैं, लेकिन अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है. मरीजों को यहां स्टेबल किया जा रहा है और अगर जरूरत पड़ी तो आगे के इलाज के लिए रेफर किया जा रहा है. मौतों की संख्या बढ़ सकती है, लेकिन टीमें लगातार काम कर रही हैं.'
बांदा के BJP MLA वीरेंद्र लोधी ने न्यूज एजेंसी को बताया, 'मेरी जानकारी के मुताबिक, जहरीली शराब पीने से 11 लोगों की मौत हो गई है. बांदा सिविल हॉस्पिटल से करीब 25 लोगों को एडवांस हेल्थ केयर के लिए दूसरे हॉस्पिटल ले जाया गया है.'
इससे पहले, सागर कलेक्टर प्रतिभा पाल ने कहा, 'स्थानीय लोगों से बातचीत से पता चला है कि मौतें गैर-कानूनी नकली शराब पीने के बाद हुईं. दोनों गांवों में स्क्रीनिंग शुरू हो चुकी है.'
CM मोहन यादव ने दी प्रतिक्रिया
मध्य प्रदेश के CM मोहन यादव ने सागर में जहरीली शराब से 9 लोगों की मौत पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा, 'मैंने संबंधित मंत्री और अधिकारियों को तुरंत मौके पर जाने का निर्देश दिया है. हम सख्त से सख्त कार्रवाई करेंगे और जांच करेंगे. हमारी सरकार ऐसी घटनाओं को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेगी.'
यह भी पढ़ें: जहरीली शराब से नहीं हुई थी 4 मौतें! बहन के प्रेम प्रसंग से नाराज भाई ने शराब में मिलाया था जहर
वहीं, उप मुख्यमंत्री और आबकारी मंत्री ने कहा, 'सागर जिले के बंड्डा शाहगढ़ क्षेत्र में शराब पीने के कारण कुछ लोगों की मृत्यु का समाचार बहुत दुखद है. मैंने जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से विस्तृत जानकारी ली है. आबकारी आयुक्त मौके पर पहुंच रहे हैं. हादसे के पीछे कोई भी व्यक्ति जिम्मेदार हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. सरकार इस मामले में सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करेगी. मेरी गहरी संवेदनाएं प्रभावित जन के साथ हैं.
रवीश पाल सिंह