राजस्थान के कोटा जिले से एक बेहद मर्मस्पर्शी और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है. मध्य प्रदेश के बैतूल जिले से खाटू श्यामजी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को लेकर जा रही एक मिनी बस (ट्रैवलर) दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण दुर्घटना का शिकार हो गई. इस दर्दनाक हादसे में बैतूल जिले के 8 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है, जबकि 17 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं. इस हृदयविदारक घटना के बाद से पूरे बैतूल जिले में मातम पसरा हुआ है.
घटना की गंभीरता को देखते हुए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने तुरंत संज्ञान लिया और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' के माध्यम से गहन दुःख और शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं.
मुख्यमंत्री ने राज्य शासन की ओर से भोपाल और बैतूल जिले के निवासी मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री ने बाबा महाकाल से दिवंगतों की आत्मा की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है.
BJP प्रदेश अध्यक्ष की पहल पर राजस्थान भेजी गई टीम
घटना की जानकारी मिलते ही बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने तुरंत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से चर्चा की. उनके निर्देश पर मध्य प्रदेश सरकार की ओर से पुलिस और चिकित्सकों की एक विशेष टीम को तुरंत राजस्थान रवाना किया गया, ताकि घायलों को त्वरित और बेहतर चिकित्सा मिल सके.
मृतकों में एक छात्रा वैष्णवी गावंडे भी शामिल हैं. मृतका के मामा सतीश घोड़की ने दुख व्यक्त करते हुए बताया कि उनकी भांजी और कई अन्य परिचित परिवार इस धार्मिक यात्रा पर गए थे, लेकिन इस अनहोनी ने सब कुछ उजाड़ दिया. परिजनों को जैसे ही सूचना मिली, वे तुरंत राजस्थान के लिए रवाना हो गए.
पुलिस प्रशासन और एसपी का बयान
बैतूल के एसपी वीरेंद्र जैन ने बताया कि राजस्थान पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रैवलर दुर्घटना में बैतूल जिले के 8 लोगों की जान चली गई है और कई लोग घायल हैं. घायलों का इलाज राजस्थान के अस्पतालों में जारी है, जबकि बैतूल में पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है.
aajtak.in