मध्य प्रदेश के जबलपुर में पति को दूसरी महिला के साथ होटल के कमरे में देखकर पत्नी का गुस्सा फूट पड़ा. शारदा चौक स्थित होटल बैलेंसिंग रॉक में पत्नी ने कमरा खुलवाया और अंदर मौजूद पति और महिला पर थप्पड़ बरसाने शुरू कर दिए. देखते ही देखते वहां हंगामा मच गया. मामला बढ़ने पर पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची टीम ने दोनों पक्षों को शांत कराया.
जानकारी के मुताबिक, सविता यादव को अपने पति अरुण यादव और ज्योति कोरी के बीच संबंध होने का शक था. पत्नी का आरोप है कि दोनों के बीच करीब एक साल से अफेयर चल रहा था. इसी दौरान मोबाइल चैट के जरिए सविता को कथित तौर पर जानकारी मिली कि पति और दूसरी महिला होटल में मिलने वाले हैं. इसके बाद उसने अरुण का पीछा किया और शारदा चौक स्थित होटल बैलेंसिंग रॉक पहुंच गई.
यह भी पढ़ें: जबलपुर के फेसबुक फ्रेंड का चक्कर... बेटी संग भोपाल आ गई जर्मन महिला, अब पैसों की तंगी बनी मुसीबत; डिपोर्ट की तैयारी
सविता के मुताबिक, होटल के कमरा नंबर 103 में अरुण और ज्योति कोरी मौजूद थे. दरवाजा खुलवाने पर दोनों को साथ देखकर वह अपना आपा खो बैठी. इसके बाद कमरे के अंदर ही पति और महिला के साथ कहासुनी शुरू हो गई, जो जल्द ही मारपीट और थप्पड़बाजी में बदल गई. होटल में हंगामा बढ़ता देखकर वहां मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी.
पत्नी का आरोप- एक साल से चल रहा था अफेयर
सविता ने आरोप लगाया कि अरुण और ज्योति के बीच लंबे समय से संबंध हैं. उसका दावा है कि पति के दूसरी महिला के करीब आने के कारण वह उससे दूरी बनाने लगा था. पत्नी ने ज्योति कोरी पर अरुण को ब्लैकमेल करने का आरोप भी लगाया है. हालांकि, ये आरोप फिलहाल पत्नी की ओर से लगाए गए हैं और इनकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
घटना के दौरान होटल में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. विवाद की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अलग किया. पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया, जिसके बाद हंगामा शांत हुआ.
पुलिस बोली- अभी किसी ने शिकायत दर्ज नहीं कराई
पुलिस के मुताबिक, फिलहाल इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है. मौके पर पहुंची टीम ने केवल दोनों पक्षों के बीच चल रहे विवाद को शांत कराया. पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.
फिलहाल, पत्नी की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है. होटल के कमरे में पति और दूसरी महिला की मौजूदगी को लेकर शुरू हुआ विवाद अब पुलिस तक पहुंच चुका है. शिकायत दर्ज नहीं होने के कारण मामले में आगे की कार्रवाई का इंतजार है.
धीरज शाह