मध्य प्रदेश के इंदौर में बीच सड़क रोड रेज का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. रावजी बाजार थाना क्षेत्र के मोती तबेला इलाके में मामूली कट लगने की बात पर दो बाइक सवार युवकों ने एक कारोबारी की कार पर हमला कर दिया. घटना के दौरान एक युवक कार के बोनट पर चढ़ गया और बोतल से कार का शीशा तोड़ दिया. पूरी घटना का वीडियो कारोबारी की पत्नी ने अपने मोबाइल से रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
जानकारी के अनुसार कारोबारी पीयूष अपनी पत्नी के साथ घर से आइसक्रीम खाने के लिए कार से निकले थे. जब उनकी कार तंबोली बाखल क्षेत्र से गुजर रही थी, तभी एक मोटरसाइकिल और कार के बीच कट लगने की बात को लेकर विवाद शुरू हो गया. शुरुआत में मामूली कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला इतना बढ़ गया कि बाइक सवार युवकों ने कार पर हमला कर दिया.
प्रत्यक्ष घटनाक्रम के अनुसार एक युवक अचानक कार के बोनट पर चढ़ गया. उसने हाथ में मौजूद बोतल से कार के सामने का शीशा तोड़ दिया. इस दौरान कार में बैठे कारोबारी और उनकी पत्नी बुरी तरह घबरा गए. वीडियो में युवक कार के ऊपर चढ़कर हंगामा करता और तोड़फोड़ करता दिखाई दे रहा है. घटना के दौरान कारोबारी की पत्नी लगातार मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड करती रहीं.
मामूली कट लगने की बात पर शुरू हुआ विवाद
कारोबारी ने किसी तरह हिम्मत जुटाई और कार को वहां से निकालकर सीधे रावजी बाजार थाने पहुंचाया. उन्होंने अपनी कार थाने के बाहर खड़ी की और पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी. घटना के बाद कारोबारी काफी दहशत में हैं. उनका कहना है कि बीच सड़क जिस तरह हमला किया गया, उससे उनकी और उनके परिवार की जान को खतरा महसूस हुआ.
घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी इसकी काफी चर्चा हो रही है. वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि युवक कार के बोनट पर चढ़ा हुआ है और कार में तोड़फोड़ कर रहा है. वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने भी मामले को गंभीरता से लिया है.
पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी दैनिक मजदूरी का काम करते हैं. पुलिस का कहना है कि उनके खिलाफ पहले किसी प्रकार का आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है. हालांकि इस घटना के बाद दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है.
रावजी बाजार थाना पुलिस ने बताया कि वीडियो फुटेज के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान और तलाश की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. मामले की जांच जारी है और वीडियो सहित अन्य साक्ष्यों को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है.
वायरल वीडियो के आधार पर आरोपी की तलाश जारी
यह घटना कलेक्टर कार्यालय के सामने हुई, जिससे कुछ समय के लिए वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया. बीच सड़क हुए इस हाईवोल्टेज ड्रामे ने राहगीरों को भी हैरान कर दिया. घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने भी पूरा घटनाक्रम देखा. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी है. पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
धर्मेंद्र कुमार शर्मा