अपने घर को हरा-भरा और सुंदर बनाने के लिए हम सब गमलों में तरह-तरह के खूबसूरत फूल और पौधे लगाते हैं. हरा-भरा वातावरण मन को सुकून देता है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि आपकी यह खूबसूरती बढ़ाने वाली बगिया अनजाने में जहरीले सांपों को भी न्योता दे सकती है? जी हां, प्रकृति में कुछ ऐसे पौधे और फूल होते हैं जिनकी घनी बनावट, महक या छांव सांपों को अपनी ओर आकर्षित करती है.
अगर आपके घर के आसपास भी ऐसे पौधे लगे हैं, तो यह आपके और आपके परिवार के लिए खतरनाक साबित हो सकता है. आइए जानते हैं कि कौन से हैं वे पौधे जो सांपों को दावत देते हैं और उनसे बचाव के लिए आपको क्या करना चाहिए.
सांपों को कौन से पौधे आकर्षित करते हैं और क्यों?
सांपों की आंखें कमजोर होती हैं और वे गंध, कंपन और छिपने की जगहों के आधार पर अपनी दुनिया तलाशते हैं. यही वजह है कि वे ऐसे पौधों की तरफ खिंचे चले आते हैं जो उन्हें सुरक्षा और शिकार का माहौल देते हैं:
घनी झाड़ियों और बेल वाले पौधे
कारण: सांपों को खुले में रहने से डर लगता है, इसलिए वे ऐसी जगहों की तलाश करते हैं जहाँ वे आसानी से छिप सकें. मणिकर्णिका, गिलोय या घनी बेलें और झाड़ियों वाले पौधे सांपों को छिपने के लिए आदर्श और सुरक्षित जगह प्रदान करते हैं.
लेमन ग्रास या तेज गंध वाले पौधे
कारण: हालांकि कुछ लोग मानते हैं कि लेमन ग्रास की खट्टी-मीठी खुशबू से सांप दूर भागते हैं, लेकिन इसके विपरीत, अगर पौधे बहुत घने हो जाएं, तो मेंढक और चूहे (जो सांपों का मुख्य आहार हैं) इनमें शरण लेते हैं. चूहों और मेंढकों की मौजूदगी सीधे तौर पर सांपों को खींच लाती है.
चमेली या मोगरा जैसे तेज खुशबू वाले फूल
कारण: कई लोग सोचते हैं कि फूलों की खुशबू से सांप आते हैं. हालांकि सांप सीधे तौर पर फूलों की खुशबू से आकर्षित नहीं होते, लेकिन तेज खुशबू वाले फूलों के आसपास कीट-पतंगें, मेंढक और छिपकलियां बहुत आते हैं. इन्हें खाने के लिए सांप इन पौधों के पास डेरा डाल लेते हैं.
फर्न और लंबे घास वाले पौधे:
कारण: आधुनिक गार्डनिंग में लंबे ऑर्नामेंटल ग्रास और फर्न बहुत पसंद किए जाते हैं. इनकी घनी पत्तियां जमीन से सटी होती हैं, जिससे सांपों को उसमें छिपकर निकलने में आसानी होती है और उन्हें ठंडक भी मिलती है.
बचाव और सावधानी के उपाय:
गार्डन की नियमित सफाई करें: अपने घर के आस-पास घास को ज्यादा बड़ा न होने दें और समय-समय पर झाड़ियों की छंटाई (Pruning) करते रहें.
दरारें बंद करें: अगर घर के आस-पास गमले रखे हैं, तो वहां की जमीन में कोई छेद या दरार न हो, इसका ध्यान रखें.
पेस्ट कंट्रोल रखें: गार्डन में चूहों और कीड़े-मकोड़ों को नियंत्रित रखें, क्योंकि जहां शिकार होगा, वहां सांप खुद-ब-खुद आ जाएंगे.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क