How to make chaas at home: गर्मियों में छाछ पीने से ना केवल शरीर को ठंडक मिलती है बल्कि पाचन भी अच्छा रहता है. खासतौर पर भीषण गर्मी के थपेड़ों और चिलचिलाती धूप के बीच तड़का छाछ शरीर के लिए किसी अमृत से कम नहीं है. यह केवल एक पारंपरिक पेय नहीं बल्कि शरीर को अंदर से ठंडा रखने और लू से बचाने का प्राकृतिक तरीका भी है.
अक्सर रेस्टोरेंट या ढाबों पर मिलने वाली चटपटी और खुशबूदार छाछ को घर पर बनाना नामुमकिन लगता है. लेकिन सही चीजों और तड़के के साथ आप वही ढाबा स्टाइल जायका घर पर ही पा सकते हैं. यह चटपटी तड़का छाछ न केवल आपके भोजन का स्वाद दोगुना करेगी बल्कि आपकी पाचन अग्नि को शांत कर आपको दिनभर तरोताजा रखेगी.
गर्मी में छाछ पीने के बेहतरीन फायदे
यह शरीर के तापमान को तुरंत कम करती है और हाइड्रेटेड रखती है. छाछ में मौजूद प्रोबायोटिक्स और मसाले जैसे जीरा और हींग, एसिडिटी और ब्लोटिंग को दूर करते हैं. इसमें विटामिन्स, कैल्शियम और पोटेशियम भी होता है. कम कैलोरी और पेट को भरा रखने के गुण के कारण यह वजन घटाने के लिए बेस्ट है.
छाछ बनाने के लिए आपको चाहिए होंगी ये चीजें
ताजा दही: 2 कप
ठंडा पानी: 3-4 कप
काला नमक: स्वाद के अनुसार
बारीक कटा हरा धनिया और पुदीना
भुना हुआ जीरा पाउडर: 1 चम्मच
तड़के के लिए: 1 चम्मच घी, आधा चम्मच राई (सरसों के दाने), करी पत्ता, एक चुटकी हींग और 1 सूखी लाल मिर्च.
ढाबा स्टाइल तड़का छाछ बनाने का तरीका
एक बड़े बर्तन में दही लें और उसे मथनी से अच्छे से फेंट लें. अब इसमें ठंडा पानी डालकर दोबारा मथें ताकि ऊपर झाग आ जाए.
इसमें काला नमक, भुना जीरा पाउडर और कटा हुआ हरा धनिया-पुदीना डालें.
एक छोटे तड़का पैन में घी गरम करें. इसमें राई डालें, जब राई चटकने लगे तो हींग, करी पत्ता और सूखी लाल मिर्च डालें.
इस गरमा-गरम तड़के को तैयार छाछ में डालें और तुरंत ढक्कन लगा दें ताकि तड़के की खुशबू छाछ में समा जाए.
बर्फ के टुकड़े डालकर ठंडा-ठंडा सर्व करें. इसे लंच में रोटी-सब्जी के साथ खाने से आपका खाना भी स्वादिष्ट लगता है.
aajtak.in