Bengali Style Macher Jhol: घर पर बनाएं बिहारी-बंगाली स्टाइल माछेर झोल, शेखर सुमन ने बताई आसान रेसिपी

अगर आप मछली खाने के शौकीन हैं, तो इस बार शेखर सुमन की पसंदीदा बिहारी-बंगाली स्टाइल माछेर झोल ट्राई करें. सरसों के तेल, पीली सरसों और देसी मसालों से तैयार होने वाली यह फिश करी स्वाद और खुशबू में लाजवाब है. आइए आपको इसे बनाने का आसान तरीका बताते हैं.

Advertisement
फिश करी बंगाली तरीके से घर पर बनाना भी आसान है. (PHOTO:AI) फिश करी बंगाली तरीके से घर पर बनाना भी आसान है. (PHOTO:AI)

आजतक लाइफस्टाइल डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 29 जून 2026,
  • अपडेटेड 5:01 PM IST

Bengali Style Macher Jhol: अगर आप मछली खाना पसंद करते हैं और हर बार कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं, तो बिहारी-बंगाली स्टाइल माछेर झोल आपके लिए बेहतरीन रेसिपी हो सकती है. मछली वैसे तो भारत के कई राज्यों में लोग बड़े चाव से खाते हैं, मगर बंगाली फिश तो पूरे दुनियाभर में मशहूर है. बंगाल और बिहार में सबसे ज्यादा लोग मछली खाना पसंद करते हैं और वहां की सबसे ज्यादा पॉपुलर माछेर झोल लोगों को बहुत अच्छी लगती है. 

Advertisement

आम लोग ही नहीं बल्कि फिल्म स्टार्स भी माछेर झोल के फैन हैं, हाल ही में एक्टर शेखर सुमन ने एक शो में बताया कि उनको भी माछेर झोल खाना बहुत अच्छा लगता है. इतना ही नहीं उन्होंने खुद पारंपरिक बिहारी फिश करी को बनाने का आसान तरीका  भी बताया. 

सरसों के तेल और देसी मसालों से तैयार होने वाली यह करी स्वाद के साथ-साथ खुशबू में भी शानदार होती है. इसे गर्मागर्म चावल के साथ खाने का मजा ही अलग है. आइए आपको बिहारी-बंगाली स्टाइल में माछेर झोल बनाने की रेसिपी बताते हैं.

माछेर झोल के लिए सामग्री

  • 500 ग्राम रोहू या कतला मछली
  • 2-3 बड़े चम्मच सरसों का तेल
  • 2 बड़े चम्मच पीली सरसों
  • 5-6 लहसुन की कलियां
  • 1 छोटा चम्मच जीरा
  • 1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
  • 1/2 छोटा चम्मच हल्दी
  • 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
  • 1/2 छोटा चम्मच मेथी दाना
  • 2 सूखी लाल मिर्च
  • 1 तेजपत्ता
  • 2 टमाटर (बारीक कटे हुए)
  • 2 हरी मिर्च
  • नमक स्वादानुसार
  • हरा धनिया (बारीक कटा हुआ)

माछेर झोल बनाने की आसान विधि

  1. सबसे पहले मछली के टुकड़ों को अच्छी तरह धो लें. अब इसमें हल्दी, लाल मिर्च पाउडर और नमक लगाकर 15-20 मिनट के लिए मैरीनेट होने दें.
  2. इसके बाद कड़ाही में सरसों का तेल गर्म करें. जब तेल अच्छी तरह गर्म होकर धुआं छोड़ने लगे, तब मछली के टुकड़ों को दोनों तरफ से सुनहरा होने तक तल लें और अलग रख दें.
  3. अब मिक्सी में पीली सरसों, लहसुन और जीरा डालकर थोड़ा पानी मिलाते हुए बारीक पेस्ट तैयार कर लें.
  4. उसी कड़ाही में बचे हुए तेल में मेथी दाना, सूखी लाल मिर्च और तेजपत्ता डालकर तड़का लगाएं.
  5. तड़के के बाद तैयार सरसों का पेस्ट डालें. फिर हल्दी, धनिया पाउडर और लाल मिर्च डालकर मसालों को अच्छी तरह भून लें.
  6. अब इसमें कटे हुए टमाटर और नमक डालें. टमाटर नरम होने और मसाले से तेल अलग होने तक पकाएं.
  7. फिर अपनी जरूरत के अनुसार पानी डालकर ग्रेवी तैयार करें और एक उबाल आने दें.
  8. अब तली हुई मछली ग्रेवी में डालें और पांच से सात मिनट तक धीमी आंच पर पकने दें, ताकि मसालों का टेस्ट मछली में अच्छी तरह समा जाए.
  9. आखिर में हरी मिर्च और हरा धनिया डालकर गैस बंद कर दें.
  10. बिहारी स्टाइल माछेर झोल को गर्म-गर्म सादे चावल के साथ परोसें और घर बैठे पारंपरिक बिहारी स्वाद का मजा लें.
---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »