How To Use Toothpaste In Home: अक्सर लोग को टूथपेस्ट की याद सिर्फ दांतों की सफाई के लिए आती है. सुबह ब्रश किया और फिर ट्यूब को वापस उसकी जगह पर रख दिया. यही रूटीन रोजाना शाम में भी रिपीट होता है. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि बाथरूम में रखा छोटा-सा टूथपेस्ट घर की कई परेशानियों को चुटकियों में हल कर सकता है? जी हां, टूथपेस्ट सिर्फ दातों को चमकाने का काम नहीं करता, बल्कि जिद्दी दाग हटाने, बदबू दूर करने, धातु की चीजों में चमक लौटाने और कई छोटे-मोटे घरेलू कामों में भी बहुत ही कारगर साबित हो सकता है.
खास बात ये है कि इन कामों के लिए आपको किसी महंगे प्रोडक्ट की जरूरत नहीं पड़ती. कई बार जो काम बाजार के महंगे क्लीनर नहीं कर पाते, वो एक साधारण सा टूथपेस्ट कर देता है. यही वजह है कि दुनिया भर में लोग टूथपेस्ट को सिर्फ दातों को चमकाने के लिए ही नहीं बल्कि कई कामों के लिए करते हैं. चलिए जानते हैं आप टूथपेस्ट को किस तरह से इस्तेमाल कर सकते हैं.
1. दीवारों पर बने क्रेयॉन और पेंसिल के निशान हटाएं: टूथपेस्ट घर की दीवारों पर लगे निशानों को भी साफ करने में मददगार साबित हो सकता है. अगर बच्चों ने दीवारों को अपनी ड्राइंग कॉपी बना दिया है, तो थोड़ा सा टूथपेस्ट लगाकर मुलायम कपड़े से रगड़ें. इससे निशान काफी हद तक साफ हो सकते हैं.
2. चांदी के सामान की चमक लौटाएं: अगर आपके घर में चांदी की पुरानी जूलरी या बर्तन रखें हैं और वो समय के साथ काले पड़ गए हैं तो टूथपेस्ट उन्हें वापस चमकाने के काम आ सकता है. उन पर थोड़ा टूथपेस्ट लगाकर हल्के हाथों से साफ करें और फिर धो लें. इससे उनकी चमक बेहतर हो सकती है.
3. जूतों का सफेद हिस्सा चमकाएं: सफेद सोल वाले जूतों पर लगी गंदगी हटाने के लिए टूथपेस्ट बहुत काम का साबित हो सकता है. ब्रश से हल्के हाथों से साफ करें और कपड़े से पोंछ दें.
4. मोबाइल स्क्रीन पर हल्के स्क्रैच कम करें: टूथपेस्ट आपकी मोबइल स्क्रीन पर लगे निशानों को भी हटाने में काम आ सकता है. स्क्रीन पर पड़े बहुत हल्के निशानों को कम करने के लिए कुछ लोग टूथपेस्ट का इस्तेमाल करते हैं. हालांकि ये तरीका बहुत ध्यान से अपनाना चाहिए और पहले किसी छोटे हिस्से पर टेस्ट कर लेना बेहतर होता है.
5. हाथों से प्याज-लहसुन की बदबू हटाएं: अगर आपने खाना बनाते वक्त प्याज और लहसुन काटा है, तो उनकी बदबू हाथों से जल्दी नहीं जाती है. अगर आप खाना बनाने के बाद हाथों में रहने वाली तेज गंध से परेशान हैं, तो हाथों पर थोड़ा टूथपेस्ट लगाकर धोने से बदबू कम हो सकती है.
6. पानी के दाग वाले नल और फिटिंग्स साफ करें: बाथरूम या रसोई के नलों पर जमे पानी के दाग हटाने के लिए टूथपेस्ट लगाया जा सकता है. टूथपेस्ट लगाने के थोड़ी देर बाद साफ कपड़े से पोंछने पर दाग साफ हो जाएंगे और उनकी चमक लौट सकती है.
7. प्रेस की प्लेट साफ करें: प्रेस के नीचे जमी गंदगी या हल्के दाग हटाने के लिए ठंडी प्रेस पर थोड़ा टूथपेस्ट लगाकर साफ किया जा सकता है.
8. कपड़ों पर लगे हल्के दाग कम करें: कुछ हल्के दागों पर टूथपेस्ट लगाकर रगड़ने से सफाई में मदद मिल सकती है. हालांकि पहले कपड़े के किसी छोटे से हिस्से पर टेस्ट करना जरूरी है.
9. जूलरी को दें नई चमक: ऑक्सीडाइज्ड जूलरी पर जमा मैल हटाने के लिए भी टूथपेस्ट का इस्तेमाल किया जाता है. इससे उनका लुक पहले से बेहतर दिख सकता है.
10. जूतों की बदबू कम करने में मददगार: अगर जूतों में बदबू आने लगी है, तो उन्हें साफ करने के दौरान थोड़ा टूथपेस्ट इस्तेमाल किया जा सकता है. इससे फ्रेशनेस महसूस हो सकती है.
11. टेबल और कप पर बने पानी के निशान हटाएं: लकड़ी या प्लास्टिक के फर्नीचर पर अगर पानी के हल्के गोल निशान पड़ गए हैं, तो टूथपेस्ट उन्हें हटाने में काम आ सकता है. टूथपेस्ट को निशानों पर लगाकर किसी मुलायम कपड़े से रगड़े और फिर पोंछ दें.
12. कार की हेडलाइट्स साफ करें: समय के साथ धुंधली पड़ चुकी कार की हेडलाइट्स को चमकाने के लिए कई लोग टूथपेस्ट का इस्तेमाल करते हैं. इससे उनकी ट्रांसपिरेंसी कुछ हद तक सुधर सकती है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क