Lemon Peels For Plants: कूड़े में फेंक देते हैं नींबू के छिलके? ठहरिए! मिट्टी और पौधों में डाल देंगे जान, जानें कैसे करें इस्तेमाल

Lemon Peels For Plants: नींबू निचोड़ने के बाद उसके छिलकों को बेकार समझकर डस्टबिन में फेंकने के बजाय अपने गमलों और गार्डन के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है. नींबू के छिलकों में मौजूद पोटैशियम, कैल्शियम और साइट्रस ऑयल पौधों से चींटियों व एफिड्स को दूर रखते हैं, मिट्टी में पोषण बढ़ाते हैं और कम्पोस्ट की बदबू दूर करते हैं. आज हम आपको नींबू के छिलकों को गार्डन में इस्तेमाल करने के 7 बेहतरीन तरीके बताने वाले हैं.

Advertisement
नींबू के छिलके चींटियों को पौधों से दूर रखते हैं. (Photo: ITG) नींबू के छिलके चींटियों को पौधों से दूर रखते हैं. (Photo: ITG)

आजतक लाइफस्टाइल डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 08 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 9:02 AM IST

Lemon Peels For Plants: नींबू का इस्तेमाल लगभग हर घर में होता है. कभी चाय का स्वाद बढ़ाने के लिए, कभी शरबत और सलाद में खट्टापन लाने के लिए तो कभी खाने में नींबू का रस डालकर उसका स्वाद और भी बेहतर किया जाता है. लेकिन नींबू का रस निकालने के बाद इसके छिलकों का क्या करते हैं? ज्यादातर लोग इन्हें बेकार समझकर सीधे कूड़ेदान में फेंक देते हैं.

Advertisement

अगर आपके घर में गमले लगे हैं, बालकनी में छोटा-सा गार्डन है या आप किचन गार्डनिंग का शौक रखते हैं, तो अगली बार नींबू के छिलके फेंकने से पहले थोड़ा रुक जाइए. ये छिलके आपके पौधों की देखभाल में काफी काम आ सकते हैं. सही तरीके से इस्तेमाल करने पर इनसे कुछ कीड़ों को दूर रखने में मदद मिल सकती है और इन्हें खाद या कंपोस्ट बनाने में भी इस्तेमाल किया जा सकता है. यानी जिस नींबू के छिलके को आप अभी तक कचरा समझकर फेंक रहे थे, उसे दोबारा इस्तेमाल करके गार्डन के लिए काम की चीज बनाई जा सकती है.  

1. कीड़े-मकौड़ों को पौधों से रखेंगे दूर: गमलों में एफिड्स, व्हाइटफ्लाइज और चींटियां लग जाएं तो पौधों की ग्रोथ पर बुरा असर हो सकता है. ऐसे में नींबू के छिलकों का इस्तेमाल किया जा सकता है. इसके लिए नींबू के छिलकों को पानी में उबालें और पानी को ठंडा करके छान लें. इसे स्प्रे बोतल में भरकर पौधों पर इस्तेमाल किया जा सकता है. नींबू की खुशबू और उसमें मौजूद प्राकृतिक तेल कुछ कीड़ों को दूर रखने में मदद कर सकते हैं.

Advertisement

2. गमले की मिट्टी में देंगे पोषण: नींबू के छिलकों में पोटैशियम, कैल्शियम और मैग्नीशियम जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं. इन्हें छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर मिट्टी में मिलाया जा सकता है या पौधे के आसपास दबाया जा सकता है. हालांकि, इसे बहुत ज्यादा मात्रा में सीधे मिट्टी में डालने से बचें. थोड़ी मात्रा से शुरुआत करना बेहतर है.

3. खाद बनाने में आएंगे काम: अगर घर पर किचन वेस्ट से कम्पोस्ट बनाते हैं तो उसमें नींबू के छिलके भी डाले जा सकते हैं. ये दूसरे ऑर्गेनिक कचरे के साथ मिलकर धीरे-धीरे टूटते हैं और कम्पोस्टिंग प्रोसेस का हिस्सा बनते हैं. इस तरह नींबू के छिलकों को फेंकने के बजाय घर की खाद में इस्तेमाल किया जा सकता है.

4. चींटियों से बचाने में मददगार: जहां बार-बार चींटियां आती हैं, वहां नींबू के छिलके रखे जा सकते हैं. खासकर पौधों के आसपास या उन जगहों पर जहां चींटियां ज्यादा आती-जाती हैं. साइट्रस की तेज खुशबू चींटियों को पसंद नहीं होती, इसलिए ये उन्हें उस जगह से दूर रखने में मदद कर सकती है.

5. खाद की बदबू होगी कम: घर पर खाद बनाने में सबसे बड़ी परेशानी कई बार उसकी बदबू होती है. ऐसे में नींबू के कुछ छिलके खाद में मिलाए जा सकते हैं. इससे खाद में आने वाली अजीब सी बदबू या महक को कम करने में मदद मिल सकती है और उसमें हल्की साइट्रस खुशबू भी आ सकती है.

Advertisement

6. गार्डन को देंगे फ्रेश खुशबू: गार्डन या बालकनी में बैठने की जगह को फ्रेश रखने के लिए भी नींबू के छिलकों का इस्तेमाल कर सकते हैं. इसके लिए छिलकों को पानी में उबालें और उस पानी को ठंडा कर लें. इसकी साइट्रस खुशबू आसपास के माहौल को फ्रेश महसूस कराने में मदद कर सकती है.

7. गार्डनिंग टूल्स की सफाई में भी आएंगे काम: पौधों की छंटाई करते समय साफ औजारों का इस्तेमाल करना जरूरी है. गंदे औजारों पर मौजूद गंदगी पौधे को नुकसान पहुंचा सकते हैं. नींबू के छिलके से औजार को रगड़कर साफ किया जा सकता है और इसके बाद उन्हें पानी से धोकर अच्छी तरह सुखा लें.

नींबू के छिलके इस्तेमाल करते समय इन बातों का रखें ध्यान
नींबू के छिलकों को पौधों की मिट्टी में डालते समय हमेशा कम मात्रा से शुरुआत करें. छिलकों को सीधे बड़ी मात्रा में मिट्टी में डालने की बजाय छोटे टुकड़ों में काटकर इस्तेमाल करना अच्छा रहता है. अगर इन्हें कम्पोस्ट में डाल रहे हैं तो दूसरे ऑर्गेनिक कचरे के साथ अच्छी तरह मिलाएं.

एक और जरूरी बात ये है कि नींबू के छिलकों को पौधे की जड़ों के बिल्कुल पास या बहुत ज्यादा मात्रा में सीधे न डालें, क्योंकि नींबू के छिलकों में मौजूद साइट्रिक तत्व मिट्टी पर असर डाल सकते हैं. इसलिए इनका इस्तेमाल बैलेंस या सीमित मात्रा में करना ही बेहतर है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »