How to Make Thandi Thandi Kheer: त्योहार हो या कोई खास मौका मीठे में चावल और दूध की खीर हर किसी को पसंद आती है. लेकिन अक्सर लोगों की शिकायत होती है कि उनकी खीर गाढ़ी और मलाईदार नहीं बनती या फिर दूध और चावल अलग-अलग नजर आते हैं. अगर आप भी इस समस्या से परेशान हैं तो अब शेफ कुणाल कपूर की रसोई से निकला यह आसान तरीका आपकी मदद करेगा.
इस खास रेसिपी में एक ऐसी सीक्रेट चीज का इस्तेमाल किया गया है जो बिना घंटों दूध उबाले आपकी खीर को एकदम रबड़ी जैसी गाढ़ी, मलाईदार और स्वादिष्ट बना देगी. आइए जानते हैं शेफ कुणाल कपूर के इस खास नुस्खे और आसान रेसिपी के बारे में.
गाढ़ी और मलाईदार खीर की रेसिपी
सामग्री:
फुल क्रीम दूध: 1 लीटर
कुणाल कपूर का कहना है कि आप खीर के लिए कोई भी चावल ले सकते हैं लेकिन छोटे दाने वाला या फिर टूटा बासमती टुकड़ा चावल ज्यादा अच्छा रहता है. :
चावल: 1/4 कप (धोकर 20 मिनट के लिए भिगोए हुए)
चीनी: 1/2 कप (स्वादानुसार)
इलायची पाउडर: 1/2 छोटा चम्मच
केसर के धागे: 10-12 (गुनगुने दूध में भीगे हुए)
कटे हुए मेवे: बादाम, काजू, पिस्ता (सजावट के लिए)
सीक्रेट चीज (मिल्क पाउडर या खोया): 3-4 बड़े चम्मच (इसे थोड़े से गुनगुने दूध में मिलाकर पेस्ट बना लें).
बनाने का तरीका
सबसे पहले एक भारी तले के बर्तन में फुल क्रीम दूध डालकर उबलने के लिए रख दें. बर्तन के किनारों पर जमने वाली मलाई को खुरचकर वापस दूध में मिलाते रहें.
जब दूध में एक उबाल आ जाए तो भीगे हुए चावलों का पानी छानकर उन्हें दूध में डाल दें. आंच को धीमा करें और चावल के पकने तक इसे लगातार चलाते हुए पकाएं.
जब चावल अच्छी तरह पक जाएं और दूध थोड़ा गाढ़ा होने लगे. तब इसमें मिल्क पाउडर या खोए का तैयार किया हुआ घोल मिला दें. यह वह सीक्रेट चीज है जो खीर को तुरंत टेक्सचर देगी और उसे बेहद मलाईदार और गाढ़ा बना देगी.
अब इसमें चीनी, केसर का दूध और इलायची पाउडर डालें. चीनी घुलने के बाद खीर को धीमी आंच पर 5-7 मिनट तक और पकने दें ताकि सारे फ्लेवर आपस में मिल जाएं.
खीर गाढ़ी होने पर गैस बंद कर दें. ऊपर से कटे हुए काजू, बादाम और पिस्ता डालकर सजाएं. आप इसे गरमा-गरम परोस सकते हैं या फ्रिज में ठंडी करके मलाईदार रबड़ीदार खीर का आनंद ले सकते हैं.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क