Palak Ki Poori: अक्सर घरों में बच्चों को हरी सब्जियां खिलाना किसी बड़े टास्क से कम नहीं होता. पालक सेहत के लिए कितनी भी फायदेमंद क्यों न हो, नाम सुनते ही बच्चे मुंह बनाने लगते हैं. यहां तक बड़े भी इससे कतराते हैं. अगर आपके घर में भी बच्चे और बड़े पालक खाने में आनाकानी करते हैं तो अब आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है. आप उन्हें लंच या ब्रेकफास्ट में गरमा-गरम और फूली-फूली पालक की पूड़ी बनाकर दे सकती हैं. हरी-भरी और स्वादिष्ट होने की वजह से ये पूड़ियां हर किसी को पसंद आएंगी और बिना शिकायक पूरी प्लेट चट कर जाएंगे. आइए जानते हैं इसे बनाने का आसान तरीका.
सामग्री
गेहूं का आटा: 2 कप
पालक: 150 ग्राम (अच्छी तरह धुला हुआ)
बेसन या सूजी: 2 चम्मच (कुरकुरापन लाने के लिए)
अजवाइन: आधा छोटी चम्मच
जीरा पाउडर: आधा छोटी चम्मच
हल्दी पाउडर: चौथाई चम्मच
लाल मिर्च पाउडर: आधा छोटी चम्मच (स्वादानुसार)
नमक: स्वादानुसार
तेल या घी: आटा गूंथने के लिए 1 चम्मच और पूरी तलने के लिए आवश्यकतानुसार
बनाने की विधि
सबसे पहले पालक की पत्तियों को पानी से अच्छी तरह धो लें. अब एक बर्तन में पानी उबालकर उसमें पालक की पत्तियां 2 मिनट के लिए डालें (ब्लांच करें) और फिर तुरंत ठंडे पानी में निकाल लें. इससे पालक का हरा रंग बरकरार रहता है. इसके बाद पालक को मिक्सी में पीसकर बारीक प्यूरी बना लें.
एक बड़े बर्तन में गेहूं का आटा लें. इसमें बेसन या सूजी, अजवाइन, जीरा पाउडर, हल्दी, लाल मिर्च, नमक और एक चम्मच तेल मिलाएं. अब इसमें तैयार की गई पालक की प्यूरी डालें और अच्छी तरह मिलाते हुए पूरी जैसा थोड़ा सख्त आटा गूंथ लें (ध्यान रखें कि प्यूरी में नमी होती है, इसलिए जरूरत पड़ने पर ही थोड़ा पानी मिलाएं). आटे को ढककर 10 मिनट के लिए सेट होने के लिए रख दें.
तय समय के बाद आटे की छोटी-छोटी लोइयां तोड़ लें.
अब एक-एक लोई पर थोड़ा सा तेल लगाकर इसे गोल या बेलनाकार आकार में बेल लें (बहुत ज्यादा पतला न बेलें).
एक कड़ाही में तलने के लिए तेल या घी गर्म करें. तेल मध्यम-तेज गर्म होना चाहिए. अब बेली हुई पूरी को तेल में डालें और कलछी से हल्का-हल्का दबाएं, जिससे पूरी गुब्बारे की तरह फूल जाए. दोनों तरफ से सुनहरा और क्रिस्पी होने तक तल लें.
गरमा-गरम पौष्टिक पालक की पूरी तैयार है. इसे बच्चों के टिफिन में आलू की सूखी सब्जी, रायता या अचार के साथ परोसें.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क