रोज-रोज वही फीकी दाल और साधारण उबली हुई सब्जियां खाकर अगर आपका मन भर गया है और आप अपने दोपहर के खाने में कुछ तीखा, चटपटा और नया ट्राई करना चाहते हैं तो दही तड़का आलू आपके लिए एक परफेक्ट ऑप्शन है. यह रेसिपी न सिर्फ स्वाद में लाजवाब है, बल्कि इसे बनाना भी बेहद आसान है. साथ ही दही होने की वजह से यह गर्मियों में आपके पेट के लिए बहुत हल्की और अच्छी रहेगी. दही की हल्की खटास और खड़े मसालों का तीखा तड़का मिलकर इस डिश को ऐसा स्वाद देते हैं कि भूख न होने पर भी आप दो की जगह चार रोटियां खा जाएंगे. आइए जानते हैं इसे बनाने की सबसे आसान और क्विक रेसिपी.
आवश्यक सामग्री
आलू: 4-5 (उबले और चौकोर टुकड़ों में कटे हुए)
दही: 1 कप (अच्छी तरह फेंटा हुआ)
प्याज: 1 बड़ा (बारीक कटा हुआ)
टमाटर: 1 छोटा (बारीक कटा हुआ, वैकल्पिक)
अदरक-लहसुन का पेस्ट: 1 छोटा चम्मच
हरी मिर्च: 2 (बारीक कटी हुई)
जीरा और राई: 1/2-1/2 छोटा चम्मच
हल्दी पाउडर: 1/2 छोटा चम्मच
लाल मिर्च पाउडर: 1 छोटा चम्मच (स्वादानुसार)
धनिया पाउडर: 1 चम्मच
कसूरी मेथी: 1 छोटा चम्मच
हरा धनिया: बारीक कटा हुआ (गार्निशिंग के लिए)
तेल/घी: 2 बड़े चम्मच
नमक: स्वादानुसार
बनाने की विधि
सबसे पहले फेंटे हुए दही में हल्दी, लाल मिर्च पाउडर और धनिया पाउडर मिलाकर एक स्मूथ पेस्ट बना लें. (ऐसा करने से दही कड़ाही में डालने पर फटती नहीं है).
एक कड़ाही में एक चम्मच तेल गर्म करें और उबले हुए आलू के टुकड़ों को हल्का सुनहरा होने तक फ्राई करके अलग निकाल लें.
अब उसी कड़ाही में बचा हुआ तेल या घी डालें. गरम होने पर जीरा, राई और कटी हुई हरी मिर्च डालें. इसके बाद बारीक कटा प्याज और अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर सुनहरा होने तक भूनें.
गैस की फ्लेम को बिल्कुल धीमा कर दें (या बंद कर दें). अब तैयार दही का मिश्रण कड़ाही में डालें और चम्मच को लगातार चलाते रहें ताकि दही फटे नहीं. इसे तब तक चलाएं जब तक मसाले से तेल अलग न होने लगे.
अब इस ग्रेवी में फ्राई किए हुए आलू डालें और अच्छी तरह मिलाएं. आवश्यकतानुसार थोड़ा सा पानी (लगभग आधा कप) और नमक डालें. ध्यान रहे, नमक हमेशा दही में उबाल आने के बाद ही डालें.
कड़ाही को ढककर धीमी आंच पर 5-7 मिनट के लिए पकने दें ताकि आलू सारे मसालों को सोख लें.
अंत में ऊपर से क्रश की हुई कसूरी मेथी और बारीक कटा हरा धनिया डालकर गैस बंद कर दें.
गरमा-गरम दही तड़का आलू को फूली हुई रोटियों, परांठों या जीरा राइस के साथ परोसें.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क