Mini Kachori: सुबह का नाश्ता हो या शाम की हल्की-फुल्की भूख, गरमा-गरम और खस्ता कचौड़ी का नाम सुनते ही मुंह में पानी आ जाता है. मैदे या गेंहू के आटे की कचौड़ी तो आपने कई बार खाई होगी, लेकिन इस बार सूजी और उबले आलू से बनने वाली क्रिस्पी मिनी कचौड़ी ट्राई करें. यह बाहर से जितनी कुरकुरी और अंदर से स्वादिष्ट होती है, बनाना उतना ही आसान है. इसके साथ अगर हलवाई जैसी चटपटे मसालेदार आलू की सब्जी मिल जाए, तो स्वाद दोगुना हो जाता है. आइए जानते हैं इस शानदार कॉम्बिनेशन की आसान रेसिपी.
सामग्री
कचौड़ी के डो और स्टफिंग के लिए:
सूजी (रवा): 1 कप
पानी: 2 कप
उबले हुए आलू: 2 मध्यम आकार के (कद्दूकस किए हुए)
जीरा: 1 छोटा चम्मच
अजवाइन: ½ छोटा चम्मच
चिली फ्लेक्स या लाल मिर्च पाउडर: 1 छोटा चम्मच
बारीक कटा हरा धनिया: 2 बड़े चम्मच
तेल: 2 चम्मच (डो के लिए) और कचौड़ी तलने के लिए
नमक: स्वादानुसार
चटपटे आलू की सब्जी के लिए:
उबले आलू: 3-4 (हाथ से फोड़े हुए)
टमाटर: 2 (बारीक कटे या प्यूरी)
अदरक-हरी मिर्च का पेस्ट: 1 चम्मच
जीरा और हींग: ½ छोटा चम्मच
हल्दी, धनिया और लाल मिर्च पाउडर: 1-1 छोटा चम्मच
आमचूर पाउडर या चाट मसाला: ½ छोटा चम्मच
सरसों का तेल या घी: 2 बड़े चम्मच
पानी: आवश्यकतानुसार
नमक: स्वादानुसार
बनाने का तरीका
सबसे पहले कचौड़ी के लिए सूजी का डो तैयार करें. इसके लिए एक पैन में 2 कप पानी, जीरा, अजवाइन, चिली फ्लेक्स, 2 चम्मच तेल और नमक डालकर उबालने रखें.
जब पानी उबलने लगे, तब गैस की आंच धीमी कर दें और थोड़ा-थोड़ा करके सूजी मिलाते जाएं, ताकि गांठें (Lumps) न पड़ें.
इसे लगातार चलाते रहें जब तक कि सूजी सारा पानी सोखकर डो (आटे) की तरह पैन न छोड़ने लगे. अब गैस बंद कर दें और इसे ढककर 5 मिनट के लिए रख दें.
स्टफिंग मिलाएं और कचौड़ी बनाएं
जब सूजी का मिश्रण हल्का गुनगुना हो जाए, तब इसमें कद्दूकस किए हुए उबले आलू और हरा धनिया मिलाएं. हाथों में थोड़ा तेल लगाकर इसे चिकना गूंथ लें.
इस डो से छोटी-छोटी लोइयां तोड़ लें. इन्हें हल्का चपटा करके बीच में थोड़ा सा दबाएं और मिनी कचौड़ी या पूरी का आकार दें (आप चाहें तो इसमें भुने हुए मसालों की छोटी स्टफिंग भी भर सकती हैं).
चटपटी आलू की सब्जी बनाएं
एक कढ़ाई में तेल गरम करें. इसमें हींग, जीरा और अदरक-हरी मिर्च का पेस्ट डालकर भूनें.
अब इसमें हल्दी, धनिया और लाल मिर्च पाउडर डालें. इसके बाद कटे हुए टमाटर और नमक डालकर तेल छोड़ने तक पकाएं.
इसमें मैश किए हुए उबले आलू डालकर मसालों के साथ 2 मिनट भूनें. फिर आवश्यकतानुसार पानी और आमचूर पाउडर डालकर सब्जी को 5-7 मिनट मध्यम आंच पर उबाल लें. ऊपर से हरा धनिया डालें, आपकी चटपटी भंडारे वाली स्टाइल आलू सब्जी तैयार है.
कचौड़ियां तलें
एक कढ़ाई में कचौड़ियां तलने के लिए तेल गरम करें. तेल मध्यम गर्म होना चाहिए.
अब तैयार मिनी कचौड़ियों को गरम तेल में डालें और धीमी से मध्यम आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा और क्रिस्पी होने तक तल लें.
तैयार है आपकी सुपर क्रिस्पी सूजी-आलू मिनी कचौड़ी और साथ में गरमा-गरम चटपटी आलू की सब्जी! इसे नाश्ते या स्नैक्स में मजे से सर्व करें.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क