How To Grow Bougainvillea Plant: घर की बालकनी, छत या आंगन को रंग-बिरंगे फूलों से सजाना चाहते हैं, तो इसके लिए आपको नर्सरी में जाकर महंगे पौधे खरीदने की जरूरत नहीं है. सड़क किनारे, पार्कों या घरों की बाउंड्री पर फैले बोगनवेलिया के पौधे आपने जरूर देखे होंगे. गुलाबी, बैंगनी, सफेद और नारंगी रंग के फूलों से लदे ये पौधे दूर से ही लोगों का ध्यान खींच लेते हैं. अगर आपको भी इनकी खूबसूरती पसंद है, तो एक छोटी सी टहनी की मदद से घर पर ही इसका नया पौधा तैयार कर सकते हैं.
बोगनवेलिया का पौधा अपनी खूबसूरती के साथ कम देखभाल में भी अच्छी ग्रोथ के लिए जाना जाता है. इसकी अच्छी किस्मों के पौधे नर्सरी में काफी महंगे मिल सकते हैं. ऐसे में अगर आप बिना ज्यादा पैसे खर्च किए अपने घर में फूलों की बहार लाना चाहते हैं, तो इसकी कटिंग से पौधा तैयार करना एक अच्छा तरीका है. हालांकि, इसके लिए सही टहनी चुनने से लेकर मिट्टी और पानी का ध्यान रखना जरूरी है.
सड़क किनारे से कैसी टहनी लाएं?
बोगनवेलिया का नया पौधा तैयार करने के लिए सबसे पहले एक हेल्दी और मजबूत पौधे से ऐसी टहनी लें जो न तो बिल्कुल नई और हरी हो और न ही बहुत पुरानी और सूखी. टहनी तोड़ते वक्त ये भी ध्यान रखें कि वो ना ज्यादा पतली सी हो और ना ही हद से ज्यादा मोटी. वो हल्की सख्त हो और उसमें किसी तरह की कोई बीमारी ना लगी हो.
पौधे से करीब 6 से 8 इंच लंबी टहनी काट लें. कटिंग के निचले हिस्से की पत्तियां हटा दें, ताकि मिट्टी में लगाने के लिए पूरी जगह मिल सके.
गमले में तैयार करें सही मिट्टी
कटिंग लगाने के लिए ऐसा गमला चुनें, जिसके नीचे पानी निकलने के लिए छेद हों. बोगनवेलिया को लगाने के लिए ऐसी मिट्टी चुनें, जिसमें पानी जमा न हो और जड़ों तक हवा आसानी से पहुंच सके. इसके लिए करीब 40% दोमट मिट्टी, 30% अच्छी तरह सड़ी हुई गोबर की खाद, 20% मोटी रेत और 10 % कोकोपीट मिलाकर मिश्रण तैयार कर सकते हैं.
अगर आपके पास कोकोपीट नहीं है, तो उसकी जगह थोड़ी पत्ती की खाद इस्तेमाल की जा सकती है. मिट्टी को गमले में भरने के बाद कटिंग के नीचे वाले हिस्से को लगभग 2 से 3 इंच गहराई तक लगाएं. इसके आसपास की मिट्टी को हल्के हाथों से दबा दें, ताकि टहनी अपनी जगह पर टिकी रहे.
कटिंग लगाने के बाद न करें ये गलती
बोगनवेलिया की कटिंग लगाने के बाद सबसे जरूरी है कि मिट्टी में हल्की नमी बनी रहे, लेकिन पानी जमा न हो. शुरुआत में गमले को ऐसी जगह रखें, जहां सीधी तेज धूप ना आती हो, लेकिन रोशनी पूरी आती हो. मिट्टी की ऊपरी लेयर सूखने लगे, तभी जरूरत के हिसाब से थोड़ा पानी दें.
कई लोग कटिंग लगाने के तुरंत बाद उसे तेज धूप में रख देते हैं या रोज जरूरत से ज्यादा पानी डालते हैं. इससे कटिंग सूख सकती है या उसका निचला हिस्सा सड़ सकता है. इसलिए शुरुआत में पौधे को संभलने का समय दें और मिट्टी में पानी भरने से बचें.
करीब एक महीने में दिख सकता है नई ग्रोथ का असर
अगर कटिंग हेल्दी है और उसे सही मिट्टी, नमी और रोशनी मिल रही है, तो कुछ हफ्तों में उसमें नई पत्तियां निकलनी शुरू हो सकती हैं. आमतौर पर करीब 30 से 45 दिनों में जड़ें बनने और नई ग्रोथ के संकेत मिल सकते हैं, हालांकि इसमें समय अलग-अलग हो सकता है.
जब कटिंग जड़ पकड़ने लगे और नई पत्तियां निकलने लगें, तो पौधे को धीरे-धीरे ऐसी जगह रखें, जहां उसे ज्यादा धूप मिल सके. बोगनवेलिया को अच्छी ग्रोथ और फूलों के लिए सही धूप की जरूरत होती है. पौधा मजबूत हो जाए, तो उसे बड़े गमले या ऐसी जगह लगाया जा सकता है, जहां उसकी बेल को फैलने के लिए पूरी जगह मिले.
एक टहनी से तैयार कर सकते हैं कई पौधे
बोगनवेलिया की कटिंग से पौधा तैयार करने का सबसे बड़ा फायदा ये है कि आपको हर बार नर्सरी से नया पौधा खरीदने की जरूरत नहीं पड़ती. एक हेल्दी पौधे से सही तरीके से कई कटिंग लेकर अलग-अलग गमलों में लगाया जा सकता है. हालांकि, हर कटिंग से पौधा तैयार हो, ये जरूरी नहीं है.
इस तरह थोड़ी मेहनत और सही देखभाल से आप अपने घर की बालकनी, छत या आंगन में बोगनवेलिया के खूबसूरत पौधे तैयार कर सकते हैं. जब पौधा अच्छी तरह बढ़ने लगेगा और फूल खिलेंगे, तो घर का कोना रंग-बिरंगा और खूबसूरत नजर आएगा.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क