आज के बिजी लाइफस्टाइल में मिक्सी ने किचन का काम बेहद आसान और फटाफट कर दिया है. लेकिन अक्सर लोग शिकायत करते हैं कि मिक्सी में पिसी हुई चटनी या मसाले में वो स्वाद नहीं आता जो सिलबट्टे पर पिसी हुई चटनी में आता है. सिलबट्टे का वो सोंधा और देसी स्वाद हर खाने की जान बढ़ा देता है. दरअसल जब हम मिक्सी में कोई चीज पीसते हैं तो उसकी मोटर तेजी से घूमने के कारण हीट पैदा करती है. यह गरमाहट हरी मिर्च, धनिया और मसालों के नेचुरल ऑइल्स और फ्रेशनेस को जला देती है जिससे चटनी का रंग भी काला पड़ने लगता है और स्वाद भी फीका हो जाता है.
वहीं, सिलबट्टे पर चीजें ठंडी तासीर के साथ धीरे-धीरे कुचली जाती हैं जिससे उनका असली अर्क बाहर आता है. लेकिन अब आपको घंटों सिलबट्टे पर मेहनत करने की जरूरत नहीं है. आप मिक्सी में ही एक छोटी सी चीज डालकर वही देसी स्वाद और टेक्सचर पा सकते हैं.
सिलबट्टे जैसा स्वाद लाने के लिए अपनाएं ये ट्रिक्स
मिक्सी में सिलबट्टे जैसा देसी स्वाद और परफेक्ट हरा रंग बनाए रखने की सबसे बड़ी ट्रिक है बर्फ के टुकड़े या बिल्कुल चिल्ड पानी और पल्स मोड का इस्तेमाल.
इसके अलावा एक और चीज आपको ध्यान रखनी है और वो है कि चटनी बनाने से पहले आप धनिया, पुदीना और टमाटर जैसी सामग्रियों को थोड़ी देर के लिए फ्रिज के ठंडे पानी में रख दें.
जब आप सामग्री को मिक्सी के जार में डालें तो पीसने से ठीक पहले उसमें 2-3 बर्फ के टुकड़े डाल दें. चूंकि मिक्सी चलते ही बहुत ज्यादा हीट पैदा करती है जिससे चटनी का स्वाद और रंग बदल जाता है. बर्फ मिक्सी के ब्लेड्स और मोटर से पैदा होने वाली हीट को तुरंत शांत कर देगी जिससे मसालों का नेचुरल ऑयल और स्वाद नहीं उड़ेगा.
मिक्सी का स्विच ऑन करके उसे लगातार 1 या 2 नंबर पर न चलाएं. सिलबट्टे जैसा दरदरापन पाने के लिए मिक्सी के Pulse बटन का इस्तेमाल करें.
मिक्सी को 2 सेकंड के लिए चलाएं, फिर बंद करें, फिर 2 सेकंड चलाएं और बंद करें. इस तरह रुक-रुक कर पीसने से सामग्री मिक्सी में पूरी तरह पानी जैसी पेस्ट नहीं बनेगी, बल्कि सिलबट्टे की तरह हल्की दरदरी पिसेगी.
नमक आखिर में डालें: चटनी को मिक्सी से निकालने से ठीक एक राउंड पहले नमक और नींबू का रस मिलाएं. पहले नमक डालने से सामग्रियां ज्यादा पानी छोड़ देती हैं और स्वाद फीका हो जाता है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क