आजकल सोशल मीडिया पर स्क्रॉल करते हुए कई ऐसे शब्द सुनने या पढ़ने को मिल जाते हैं, जिनका मतलब हर किसी को समझ नहीं आता. कभी कोई अपनी पसंदीदा फिल्म को ‘मिड’ बता देता है, तो कभी किसी के शानदार लुक पर ‘स्ले' या ‘एट’ लिख देता है. जेन जी यानी आज की युवा पीढ़ी की बातचीत में ऐसे शब्द काफी आम हो गए हैं.
ये सिर्फ चैट और कमेंट्स तक सीमित नहीं हैं, बल्कि मीम्स, रील्स और दोस्तों के बीच होने वाली बातचीत का भी हिस्सा हैं. अगर आप भी जेन जी की भाषा को बेहतर तरीके से समझना चाहते हैं, तो जानिए इन 7 पॉपुलर शब्दों का आसान मतलब और इन्हें इस्तेमाल करने का सही तरीका.
1. Delulu (डिलुलु)
जब कोई इंसान ऐसी उम्मीदें पाल लेता है, जिनके सच होने की संभावना काफी कम हो, या अपनी ही कल्पनाओं में खोया रहता है, तो उसे मजाक में ‘Delulu’ कहा जाता है. यह शब्द ‘Delusional’ से बना है. उदाहरण- अगर कोई सोचता है कि उसका पसंदीदा सेलिब्रिटी एक दिन उससे शादी करेगा, तो दोस्त कह सकते हैं, ‘तुम तो बहुत डिलुलु हो!’
2. No Cap (नो कैप)
इसका मतलब है कि आप जो कह रहे हैं, वह सच है और उसमें कोई झूठ या बढ़ा-चढ़ाकर कही गई बात नहीं है. आसान शब्दों में कहें, तो इसका मतलब है ‘सच में’. उदाहरण: ‘ये मेरी जिंदगी की सबसे अच्छी फिल्म थी, No Cap!’
3. Rizz (रिज)
किसी को अपनी बातों, अंदाज या आत्मविश्वास से आकर्षित करने की कला को ‘रिज़’ कहते हैं. यह शब्द खासकर फ्लर्टिंग या किसी को प्रभावित करने के संदर्भ में इस्तेमाल होता है. उदाहरण: ‘उसने दो मिनट बात करके ही सबको इम्प्रेस कर दिया, उसमें तो गजब का रिज़ है!’
यह भी पढ़ें: शादी करने में क्यों देरी कर रही है Gen Z? राज शमानी ने बताई वजह
4. Slay (स्ले)
जब कोई अपने लुक, स्टाइल या किसी काम से कमाल कर देता है, तो उसके लिए ‘Slay’ शब्द इस्तेमाल किया जाता है. यह किसी की तारीफ करने का एक पॉपुलर तरीका है. उदाहरण: ‘तुम आज इस आउटफिट में स्ले कर रही हो!’
5. Mid (मिड)
जब कोई चीज न बहुत अच्छी लगे और न बहुत खराब, बल्कि बस सामान्य लगे, तो उसे ‘Mid’ कहा जाता है. इसका इस्तेमाल अक्सर फिल्मों, गानों, फैशन या किसी ट्रेंड के लिए किया जाता है. उदाहरण: ‘सब इस सीरीज की तारीफ कर रहे थे, लेकिन मुझे तो यह मिड लगी.’
6. Ate (एट)
जब कोई अपने लुक, डांस, परफॉर्मेंस या किसी काम में शानदार प्रदर्शन करता है, तो कहा जाता है कि उसने ‘Ate’ कर दिया. यह तारीफ करने का एक तरीका है. कई बार इसके साथ ‘Left no crumbs’ भी कहा जाता है, जिसका मतलब है कि उसने कोई कमी नहीं छोड़ी. उदाहरण: ‘उसने स्टेज पर ऐसा डांस किया कि सच में एट कर दिया!’
जेन जी की भाषा समझने के लिए क्या करें?
जेन जी के इन शब्दों को समझना मुश्किल नहीं है, बस यह जानना जरूरी है कि इन्हें किस मौके पर इस्तेमाल किया जाता है. हर ट्रेंडिंग शब्द को अपनी बातचीत में शामिल करना जरूरी नहीं है. दोस्तों के बीच इनका इस्तेमाल मजेदार हो सकता है, लेकिन ऑफिस या किसी औपचारिक बातचीत में सामने वाले को ध्यान में रखना भी जरूरी है. आखिरकार, भाषा का मकसद अपनी बात को समझाना है. ट्रेंडी शब्द आपकी बातचीत को मजेदार बना सकते हैं, लेकिन सही मौके पर सही शब्द इस्तेमाल करना ही सबसे जरूरी है.
aajtak.in