फराह खान अक्सर किसी ना किसी सेलिब्रेटी के घर का टूर कराती हैं, जहां लोग उनके स्वागत में कई सारी डिशेज भी बनाते हैं. ऐसे ही एक एपिसोड में फराह खान अपने कुक दिलीप के साथ यूट्यूबर सौरभ जोशी के घर पहुंची. जहां उनके परिवार ने उनका जोरदार स्वागत किया, फराह ने यूट्यूबर के घर की झलक भी दिखाई. इस दौरान फराह खान के लिए सौरभ की मम्मी ने पहाड़ी खाना भी बनाया, जिसमें उन्होंने आलू के गुटके, खीरे का रायता और भांग की चटनी खासतौर पर बनाई.
उत्तराखंड के पहाड़ ही नहीं बल्कि वहां का जायकेदार खाना भी लोगों को बहुत पसंद आता है. पहाड़ी डिशेज की सबसे खास बात यह है कि यह सिंपल होता है और इसे बनाने में भी ज्यादा समय नहीं लगता है. अगर आप भी अलग-अलग तरह की चीजें खाना पसंद करते हैं तो आप उत्तराखंड की फेमस डिशेज आलू के गुटके और भांग की चटनी ट्राई कर सकते हैं. इनको बनाने में बिल्कुल समय नहीं लगता है और आप झटपट इनको बना सकते हैं. आइए आपको सौरभ जोशी के मम्मी के स्टाइल में आलू के गुटके और भांग की चटनी बनाने का तरीका बताते हैं.
आलू के गुटके बनाने का तरीका
लोहे की कड़ाही में सरसों का तेल गर्म करें, उसमें जीरा, मेथी दाना, नमक, धनिया पाउडर, थोड़ी लाल मिर्च पाउडर, हल्दी डालकर मसाला पका लेंगे. इसके बाद उबले आलू मसाले में डालकर अच्छी तरह से मिक्स कर देंगे. इसके बाद बारीक कटी हरी मिर्च ऊपर से डाल देंगे. इसमें अब कस्तूरी मेथी,हरा धनिया पत्ता बारीक काटकर डाल देंगे.
भांग की चटनी की रेसिपी
भांग के बीज को मिक्सर जार में डाल देंगे, इसमें लहसुन की कलियां, धनिया पत्ती, नमक, जीरा और पानी डालकर पेस्ट बना लेंगे. आखिर में ऊपर से नींबू का रस डालकर इसको मिला देंगे. भांग की चटनी खाने में क्रंची लगती है और आलू के गुटके के साथ इसका स्वाद कई गुना बढ़ जाता है.
खीरे का रायता बनाने का आसान तरीका
सौरभ की मम्मी ने फराह के लिए खास पहाड़ी स्टाइल खीरे का रायता भी बनाया. अगर आपको भी रायता अच्छा लगता है तो आप दही में खीरे को कद्दूकस करके डाल दें. इसमें रायता मसाला और भूना जीरा मसाला डालकर मिला दें. आखिर में इसमें बारीक कटा धनिया पत्ती डालकर मिला दें.
इसके अलावा उन्होंने फराह खान के लिए पहाड़ी थाली में गहत और भट्ट की दाल, चावल और रोटी भी बनाए थे. पहाड़ी स्वाद चखने के बाद फराह खान ने बहुत तारीफ भी की.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क