Suji Ke Pakode Recipe: इस बार बेसन नहीं, बारिश में बनाएं सूजी के कुरकुरे पकोड़े; स्वाद ऐसा कि हर कोई कहेगा-'वाह-वाह क्या बात है!'

Suji Ke Pakode Recipe: अगर बारिश में हर बार बेसन के पकोड़े खाकर बोर हो गए हैं, तो इस बार सूजी के पकौड़े ट्राई कर सकते हैं. ये बहुत ही बाहर से क्रिस्पी और अंदर से सॉफ्ट होते हैं. खास बात ये है कि ये रेसिपी कुछ ही मिनट में तैयार हो जाती है.

Advertisement
सूजी के पकौड़े बाहर से क्रिस्पी होते हैं और अंदर से मुलायम. (Photo: ITG) सूजी के पकौड़े बाहर से क्रिस्पी होते हैं और अंदर से मुलायम. (Photo: ITG)

आजतक लाइफस्टाइल डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 29 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 7:58 AM IST

Suji Ke Pakode Recipe: बारिश शुरू होते ही मौसम सुहाना हो जाता है और मन अपने आप कुछ गरमा-गरम खाने का करने लगता है. ऐसे में सबसे पहले चाय और कुरकुरे पकोड़े याद आते हैं. आमतौर पर घरों में बेसन में आलू, प्याज या पनीर मिलाकर पकोड़े ही बनाए जाते हैं, लेकिन अगर इस बार बारिश के मौसम में कुछ नया और स्वादिष्ट ट्राई करना चाहते हैं तो ये खबर आपके लिए है. आज हम आपको सूजी के कुरकुरे पकोड़े बनाना सिखाएंगे. ये पकोड़े बाहर से इतने क्रिस्पी और अंदर से इतने मुलायम बनते हैं कि एक बार खाने के बाद हर कोई इनकी तारीफ किए बिना नहीं रह पाएगा.

Advertisement

सबसे खास बात ये है कि इन्हें बनाने के लिए ज्यादा मेहनत या लंबी तैयारी की जरूरत नहीं पड़ती. ये कुछ ही मिनटों में तैयार हो जाते हैं और आप इन्हें सुबह के नाश्ते, शाम की चाय, बच्चों के टिफिन या फिर अचानक घर आए मेहमानों के लिए भी बना सकते हैं. अगर आप हर बार बेसन के पकोड़ों से बोर हो चुके हैं, तो इस मॉनसून सूजी के इन टेस्टी और कुरकुरे पकोड़ों से अपने स्नैक टाइम का स्वाद दोगुना कर सकते हैं.

सूजी के पकोड़े बनाने के लिए इंग्रेडिएंट्स

  • 1 कप सूजी (रवा)
  • 1/4 कप दही
  • 2 बड़े चम्मच बारीक कटा प्याज
  • 1/2 छोटा चम्मच अदरक का पेस्ट
  • 1 छोटा चम्मच बारीक कटी हरी मिर्च
  • 2 बड़े चम्मच बारीक कटा हरा धनिया
  • 8-10 कढ़ी पत्ते (बारीक कटे हुए)
  • 1 चुटकी हींग
  • 1/4 छोटा चम्मच बेकिंग सोडा
  • स्वादानुसार नमक
  • जरूरत के अनुसार पानी
  • तलने के लिए तेल

बनाने का तरीका:

Advertisement

1. सूजी के पकौड़े बनाने के लिए सबसे पहले एक बड़े बाउल में सूजी और दही डालकर अच्छी तरह मिला लें. अब इसमें अदरक का पेस्ट, हरी मिर्च, प्याज, हरा धनिया, कढ़ी पत्ता, हींग और नमक डाल दें. सभी चीजों को अच्छी तरह से मिक्स कर लें.

2. अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए गाढ़ा बैटर तैयार करें. ध्यान रखें एकदम से बहुत सारा पानी नहीं डालना है. उससे बैटर पतला हो सकता है. सूजी के पकौड़ों का बैटर न ज्यादा पतला होना चाहिए और न ही बहुत गाढ़ा.

3. बैटर बनाने के बाद उसे  करीब 10 मिनट के लिए ढककर रख दें, ताकि सूजी अच्छी तरह फूल जाए. 

4. 10 मिनट बाद बैटर में बेकिंग सोडा डालकर हल्के हाथ से मिला दें. अब एक कड़ाही में तेल गर्म करें. जब तेल मीडियम गर्म हो जाए तो हाथ या चम्मच की मदद से थोड़ा-थोड़ा बैटर डालकर पकोड़े बना लें.

5. पकोड़ों को मीडियम आंच पर दोनों तरफ से गोल्डन और कुरकुरा होने तक तलें. तैयार पकोड़ों को टिश्यू पेपर या प्लेट पर निकाल लें.

6. गरमा-गरम सूजी के पकोड़े हरी धनिया की चटनी, टमाटर सॉस या मसाला चाय के साथ सर्व कर सकते हैं. बारिश के मौसम में इनका स्वाद और भी ज्यादा लाजवाब लगता है.

परफेक्ट सूजी पकोड़े बनाने के आसान टिप्स

Advertisement
  • बैटर बनाने के बाद उसे कम से कम 10 मिनट जरूर रखें.
  • पकोड़े हमेशा मीडियम आंच पर तलें, इससे वे बाहर से कुरकुरे और अंदर से अच्छी तरह पकेंगे.
  • चाहें तो बैटर में कद्दूकस की हुई गाजर, शिमला मिर्च या कॉर्न भी मिला सकते हैं.
  • ज्यादा कुरकुरापन चाहिए तो बैटर में थोड़ा-सा चावल का आटा भी मिला सकते हैं.

इस आसान रेसिपी से आप बिना बेसन के भी बेहद स्वादिष्ट और कुरकुरे पकोड़े बना सकते हैं. एक बार ये पकोड़े घर में बनेंगे, तो हर बारिश में इन्हीं की फरमाइश होने लगेगी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »