High protein dosa recipe: सुबह के नाश्ता हो या ईवनिंग स्नैक्स, अक्सर इस समय लोग कुछ ऐसा खाना पसंद करते हैं जो टेस्टी भी हो और सेहत के लिए फायदेमंद भी. ऐसे में अधिकतर लोग डोसा खाना पसंद करते हैं क्योंकि यह टेस्टी और हेल्दी होता है. वहीं वजन कम करने वाले या फिट रहने के लिए उबला हुआ खाना या बेस्वाद डाइट फॉलो करने लगते हैं. लेकिन मेरे घर खाना बनाने एक दीदी आती हैं जो आंध्रप्रदेश की हैं. उन साउथ इंडियन दीदी ने मेरे लिए एक डोसा बनाया जो प्रोटीन से भरपूर था. जब मैंने उनसे बनाने का तरीका पूछा तो उन्होंने ऐसी आसान विधि शेयर की जिससे आप घर पर ही बेहद क्रिस्पी और स्वादिष्ट प्रोटीन डोसा तैयार कर सकते हैं. यह डोसा न सिर्फ प्रोटीन से भरपूर है, बल्कि इसे पचाना भी बहुत आसान है. आइए जानते हैं इसकी सिंपल और क्विक रेसिपी जान लीजिए.
मिक्स्ड दालों का जादुई कॉम्बिनेशन
ट्रेडिशनल डोसा बनाने के लिए चावल और उड़द दाल का इस्तेमाल किया जाता है जिसमें कार्बोहाइड्रेट की मात्रा ज्यादा होती है. लेकिन इस हाई प्रोटीन डोसे को खास बनाने के लिए दीदी ने कई तरह की दालों का मिक्सचर तैयार किया था. इसे बनाने के लिए आपको बराबर मात्रा में मूंग दाल, चना दाल, तूर (अरहर) दाल और थोड़ी सी उड़द दाल को मिलाया था. यदि आप चाहें तो इसमें थोड़ा सा ओट्स या रागी का आटा भी मिला सकते हैं. इन सभी दालों को अच्छी तरह धोकर रातभर या कम से कम 4-5 घंटे के लिए पानी में भिगोकर रख दें.
ऐसे तैयार करें बैटर
दीदी ने बताया, दालें जब अच्छी तरह फूल जाएं तो उनका पानी निकाल लें. अब इन्हें मिक्सी के जार में डालें. साउथ इंडियन दीदी के मुताबिक, डोसे का स्वाद बढ़ाने के लिए पीसते समय ही जार में एक छोटा टुकड़ा अदरक, 2 हरी मिर्च, थोड़ा सा जीरा, स्वादानुसार नमक और ताजी कढ़ी पत्ती डाल दें. थोड़ा सा पानी डालकर इसका एक स्मूथ और गाढ़ा बैटर तैयार कर लें. इस बैटर की सबसे अच्छी बात यह है कि इसे खमीर उठाने यानी फर्मेंटेशन के लिए घंटों रखने की जरूरत नहीं होती. आप इसे तुरंत बना सकते हैं.
सीक्रेट तरीके से बनाएं क्रिस्पी डोसा
अब गैस पर डोसा तवा गर्म करें और उस पर थोड़ा सा पानी छिड़ककर कपड़े से पोंछ लें ताकि तवे का तापमान सेट हो जाए. आंच को मीडियम रखें और तवे के बीच में एक बड़ा चम्मच बैटर डालकर गोल-गोल घुमाते हुए पतला फैलाएं. डोसे के किनारों पर थोड़ा सा देसी घी या बटर लगाएं और थोड़ा सा पनीर किसकर डालें.
जब डोसा नीचे से गोल्डन और क्रिस्पी होने लगे तो इसके ऊपर कद्दूकस किया हुआ पनीर और थोड़ा सा चाट मसाला छिड़क दें. आपका गरमा-गरम, क्रिस्पी प्रोटीन डोसा तैयार है. इसे नारियल की चटनी या टमाटर-प्याज की तीखी चटनी के साथ खाएं.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क