Aata Khari Recipe: गेहूं के आटे से घर पर बनाएं बेकरी जैसी खस्ता खारी, 1 बार बनाएं महीनेभर खाएं, बेहद आसान तरीका!

चाय के साथ नमकीन बाजार से लाकर बहुत लोग खाते हैं, लेकिन आप चाहें तो इस आसान रेसिपी से खस्ता खारी घर पर तैयार कर सकते हैं. इसका स्वाद बेहद लाजवाब होता है और इसे बनाना भी उतना ही आसान है. इसके लिए आपको मार्जरीन की भी जरूरत नहीं पड़ेगी.

Advertisement
आटे से काफी स्नैक्स बनाए जा सकते हैं. (PHOTO:AI) आटे से काफी स्नैक्स बनाए जा सकते हैं. (PHOTO:AI)

आजतक लाइफस्टाइल डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 22 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 1:58 PM IST

Aata Khari Recipe: शाम की चाय के साथ कुछ खस्ता या चटपटा खाने को मिल जाए तो मजा आ जाता है, लेकिन बाजार से खरीदे नमकीन-बिस्कुट रोज-रोज अच्छे नहीं लगते हैं. आमतौर पर लोग बाजार से खारी या नमकीन खरीदकर ले आते हैं, लेकिन अगर आप चाहें तो घर पर भी बेहद टेस्टी खस्ता खारी बना सकते हैं. खास बात यह है कि इस रेसिपी में मार्जरीन का इस्तेमाल नहीं किया जाता है और इसे बनाने में ज्यादा मेहनत भी नहीं लगती है. 

Advertisement

घर पर बनी इस खारी की सबसे खास बात है इसकी कुरकुरी परतें और शानदार स्वाद. इसे आप एक बार बनाकर एयरटाइट डिब्बे में स्टोर कर सकते हैं और जब भी चाय के साथ कुछ चटपटा खाने का मन हो, खा सकते हैं. गेहूं के आटे से बनी खस्ता खारी अगर आपने एक बार बनाकर खा ली, तो आप बाजार से खरीदकर लाना भूल जाएंगे.

खस्ता खारी बनाने के लिए सामग्री

  • डेढ़ कप गेहूं का आटा
  • आधा कप मैदा
  • स्वादानुसार नमक
  • 1 चम्मच अजवाइन
  • आधा चम्मच जीरा
  • 2 चम्मच तेल
  • पानी, आटा गूंथने के लिए
  • 3 चम्मच देसी घी
  • 2 चम्मच कॉर्नफ्लोर
  • तलने के लिए तेल

खस्ता खारी बनाने का आसान तरीका

  1. सबसे पहले एक बड़े बर्तन में डेढ़ कप गेहूं का आटा और आधा कप मैदा डालकर अच्छी तरह छान लें.
  2. अब इसमें स्वादानुसार नमक और अजवाइन को हाथों से हल्का क्रश करके और जीरे को भी हाथ से मसलकर आटे में डालें.
  3. अब 2 चम्मच तेल को हल्का गर्म करके आटे में डालें और हाथों की मदद से अच्छी तरह मिक्स करें.जब आटे में तेल अच्छी तरह मिल जाए, तो पानी की मदद से थोड़ा सॉफ्ट आटा गूंथ लें.
  4. आटे को ज्यादा सख्त न रखें.गूंथने के बाद आटे को ढककर करीब 10 मिनट के लिए रेस्ट करने दें,

ऐसे बनाएं खारी की परतें

Advertisement
  1. इस दौरान एक कटोरी में 3 चम्मच देसी घी और 2 चम्मच कॉर्नफ्लोर डालकर अच्छी तरह मिला लें.इससे एक चिकना-सा घोल तैयार हो जाएगा.
  2. अब आटे की छोटी-छोटी लोइयां तोड़ लें. इन लोइयों से मिडियम शेप की पतली रोटियां बेल लें.
  3. एक रोटी पर घी और कॉर्नफ्लोर का तैयार घोल लगाएं और ऊपर से हल्का-सा मैदा छिड़कें.इसके ऊपर दूसरी रोटी रखें और फिर से यही प्रोसेस दोहराएं.
  4. इसी तरह करीब 5 रोटियों की लेयर तैयार करें.अब इस लेयर को दोनों तरफ से बीच की ओर फोल्ड करें और फिर इसे लंबा बेल लें.
  5. तैयार शीट को लंबी-लंबी पट्टियों या मनचाही खारी की शेप में काट लें.

अब खारी को ऐसे तलें

एक कड़ाही में तेल गर्म करें. तेल बहुत ज्यादा तेज गर्म नहीं होना चाहिए, वरना खारी बाहर से जल्दी ब्राउन हो जाएगी और अंदर से अच्छी तरह क्रिस्पी नहीं बनेगी.अब खारी के टुकड़ों को मिडियम आंच पर डालकर धीरे-धीरे सुनहरा और क्रिस्पी होने तक तलें. तलने के बाद खारी को प्लेट में निकाल लें और ठंडा होने दें. ठंडी होने के बाद इसे एयरटाइट डिब्बे में भरकर रख सकते हैं और लंबे समय तक इसका लुफ्त उठा सकते हैं.

टिप: खारी को ज्यादा क्रिस्पी बनाने के लिए तलते समय गैस को मिडियम रखें और तेल को बहुत तेज गर्म न होने दें. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »