Chukander ki Jalebi Recipe: मैदे की जगह ट्राई करें चुकंदर की कुरकुरी जलेबी, ठंडी रबड़ी के साथ लगेगी बेहद टेस्टी

Chukander ki Jalebi Recipe: जलेबी का नाम सुनते ही मुंह में मिठास घुलने लगती है. आमतौर पर आपने मैदे से बनी पीली और कुरकुरी जलेबी खाई होगी लेकिन क्या आपने कभी चुकंदर की जलेबी ट्राई की है. चुकंदर और उड़द दाल से बनने वाली यह जलेबी स्वाद में खास होती है.

Advertisement
चुकंदर की क्रिस्पी जलेबी (Photo- ITG) चुकंदर की क्रिस्पी जलेबी (Photo- ITG)

आजतक लाइफस्टाइल डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 26 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 4:15 PM IST

Chukander ki Jalebi Recipe: जलेबी भारतीयों की पसंदीदा मिठाइयों में से एक है. सुबह नाश्ते में हो या त्योहारों पर मिठाई खाने की बात, गरमा-गरम जलेबी का नाम आते ही मुंह में पानी आने लगता है. आमतौर पर बाजार में पीले रंग की कुरकुरी जलेबी मिलती है, जिसे लोग दूध या रबड़ी के साथ खाना पसंद करते हैं. लेकिन अगर आप इस बार कुछ नया और अलग ट्राई करना चाहते हैं तो चुकंदर की जलेबी बना सकते हैं.

Advertisement

चुकंदर और सफेद उड़द दाल से तैयार होने वाली इस जलेबी का रंग और स्वाद इसे आम जलेबी से अलग बनाता है. इसे घर पर बनाना भी आसान है. रबड़ी के साथ इस जलेबी का स्वाद और भी बढ़ जाता है. तो आइए जानते हैं चुकंदर की जलेबी बनाने के लिए किन चीजों की जरूरत होगी और इसे घर पर बनाने का आसान तरीका क्या है.

इंग्रेडिएंट्स (Ingredients)

250 ग्राम चुकंदर

150 ग्राम मैदा

100 ग्राम सफेद उड़द दाल

20 ग्राम बेसन

2-3 ग्राम बेकिंग सोडा

300 ग्राम देसी घी

200 ग्राम चीनी

1 नींबू

1 लीटर दूध

एक चुटकी हरी इलायची पाउडर

6-7 केसर के धागे

30 ग्राम चीनी (रबड़ी के लिए)

चुकंदर की जलेबी घर पर बनाएं कैसे?

  1. चुकंदर की जलेबी बनाने के लिए सबसे पहले चुकंदर को अच्छी तरह धोकर उबाल लें. ठंडा होने के बाद इसका छिलका हटाएं और मिक्सर में पीसकर प्यूरी बना लें.
  2. अब घोल (बैटर) बनाने के लिए सफेद उड़द दाल को धोकर लगभग एक घंटे के लिए पानी में भिगो दें. इसके बाद दाल को पीस लें. अब एक बर्तन में मैदा, पिसी हुई दाल, बेसन, बेकिंग सोडा और चुकंदर की प्यूरी डालकर अच्छी तरह मिलाएं. जरूरत के हिसाब से थोड़ा पानी डालकर ऐसा घोल तैयार करें, जिससे आसानी से जलेबी बनाई जा सके.
  3. इसके बाद चाशनी बनाने के लिए एक पैन में चीनी और थोड़ा पानी डालकर धीमी आंच पर पकाएं. इसमें नींबू का रस मिलाएं. चाशनी तैयार होने पर इसमें थोड़ी इलायची पाउडर और 2-3 केसर के धागे डाल दें.
  4. अब कड़ाही में देसी घी गर्म करें. तैयार घोल को जलेबी बनाने वाले कपड़े में भरें और गर्म घी में गोल-गोल जलेबी बनाएं. इन्हें दोनों तरफ से अच्छी तरह तल लें.
  5. सुनहरा रंग आने पर जलेबियों को निकालकर चाशनी में डाल दें, ताकि उनमें मिठास अच्छी तरह समा जाए. थोड़ी देर बाद इन्हें इन्हें चाशनी से निकालकर अलग रख दें.
  6. दूसरी तरफ रबड़ी बनाने के लिए एक बर्तन में दूध गर्म करें और धीमी आंच पर पकने दें. इसमें बची हुई इलायची पाउडर और केसर डालें. दूध को गाढ़ा होने तक पकाएं. अब इसमें 30 ग्राम चीनी मिलाकर कुछ देर और पकाएं. रबड़ी तैयार होने पर इसे ठंडा होने दें.
  7. तैयार चुकंदर की जलेबी को ठंडी या हल्की गर्म रबड़ी के साथ परोसें. चुकंदर की वजह से जलेबी को अलग रंग मिलता है, जबकि रबड़ी इसका स्वाद बढ़ाती है. त्योहारों, घर की पार्टी या किसी खास मौके पर आप इस मिठाई को बनाकर मेहमानों को खिला सकते हैं.
---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »