How To Make Designer Flower Vase: घर को सजाने के लिए लोग अक्सर पौधे लगाते हैं. फिर चाहे वो असली हों या फिर नकली, पौधे हमेशा ही घर की खूबसूरती को बढ़ा देते हैं. जब भी नकली पौधे लगाने की बात आती है, तो लोगों को अक्सर उनके लिए बाजार से महंगे-महंगे फूलदान या वास खरीदने पड़ते हैं. अगर आप भी हर बार ऐसा ही करते हैं, तो ये खबर आपके लिए है. दरअसल, घर को खूबसूरत बनाने के लिए जरूरी नहीं कि आप बाजार से महंगे डिजाइनर फूलदान खरीदें. कई बार घर में बेकार पड़ी चीजें ही डेकोरेशन का ऐसा सामान बन सकती हैं, जिसे देखकर लोग उसकी कीमत पूछने लगें.
आप घर में पड़ी पुरानी बोतल से डिजाइनर फूलदान बना सकते हैं. इसमें न महंगे सांचे की जरूरत है और न ही किसी खास कारीगरी की. बस सीमेंट, एक पाइप और थोड़ी-सी क्रिएटिविटी से साधारण सी बोतल को बेहद खूबसूरत फूलदान में बदला जा सकता है. चलिए जानते हैं कैसे आप घर पर आसानी से खूबसूरत डिजाइनर फूलदान बना सकते हैं.
प्लास्टिक की बोतल से फूलदान बनाने के लिए क्या-क्या चाहिए?
घर पर कैसे बनाएं डिजाइनर फूलदान?
1. सबसे पहले एक खाली प्लास्टिक की बोतल लें और उसका ऊपर का हिस्सा काट दें. बोतल की शेप अपनी पसंद के हिसाब से चुन सकते हैं. ध्यान रखें कि बोतल इतनी मजबूत हो कि सीमेंट भरने के बाद उसकी शेप ना बिगड़े. यही बोतल फूलदान के लिए सांचे का काम करेगी.
2. अब एक बर्तन में सीमेंट लें और उसमें थोड़ा-थोड़ा पानी मिलाकर गाढ़ा मिश्रण तैयार करें. इसे प्लास्टिक की बोतल में भर दें. इसके बाद बीच में पाइप का एक टुकड़ा सीधा खड़ा करें. पाइप की मदद से फूलदान के अंदर खाली जगह बनेगी, जिसमें बाद में फूल रखे जा सकेंगे. ध्यान रखें कि पाइप अपनी जगह से हिले नहीं.
3. सीमेंट भरने के बाद बोतल को किसी फ्लैट जगह पर रख दें. इसे करीब 24 घंटे या तब तक के लिए छोड़ दें, जब तक सीमेंट अच्छे से सूख ना जाए. केवल ऊपर से सख्त दिखने पर प्लास्टिक न हटाएं, क्योंकि अंदर से सीमेंट गीला हो सकता है.
4. सीमेंट जब अच्छे से सूख जाए उसके बाद प्लास्टिक की बोतल को सावधानी से काटकर हटा दें. इसके बाद बीच में लगा पाइप निकाल लें. अब सैंडपेपर की मदद से फूलदान के किनारों और खुरदरी सतह को धीरे-धीरे प्लेन और चिकना करें. इससे फूलदान साफ-सुथरा और बेहतर शेप का दिखाई देगा.
5. अब फूलदान के बाहर की तरह वाइट पेंट करें. पेंट सूखने के बाद ब्रश से इसकी उभरी हुई लाइंस पर गोल्डन पेंट लगाएं. गोल्डन पेंट की ये लाइंस वाइट फूलदान को खूबसूरत लुक देने के साथ ही प्रीमियम लुक देंगी. आप चाहें तो अपनी पसंद के हिसाब से दूसरे कलर्स का इस्तेमाल भी कर सकते हैं.
6. जब पेंट पूरी तरह सूख जाए, तो फूलदान में ऑर्किड या अपनी पसंद के कोई भी दूसरे फूल रखें. इसे सेंटर टेबल, टीवी यूनिट, बेडरूम के कोने या बालकनी में सजाया जा सकता है. वाइट और गोल्डन रंग का कॉम्बिनेशन घर की डेकोरेशन को मॉडर्न और एलिगेंट लुक देगा.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क