How To Make Dandiya Dress: डांडिया और गरबा का त्यौहार आ गया है और हर कोई रंग-बिरंगी और घेरदार ड्रेस पहनकर नाचने-गाने के लिए उत्साहित है. लेकिन अगर आपके पास कोई नई डांडिया ड्रेस नहीं है और आप बाजार से महंगी ड्रेस खरीदने से बचना चाहते हैं, तो घबराएं नहीं! आप अपने घर में पड़ी पुरानी साड़ी और ब्लाउज का उपयोग करके एक बहुत ही सुंदर और घेरदार डांडिया लहंगा-चोली बना सकते हैं.
यह न केवल आपके पैसे बचाएगा, बल्कि आपको एक यूनीक और स्टाइलिश लुक भी देगा. साड़ी के पूरे घेर, पल्लू और बॉर्डर का सही इस्तेमाल करके आप एक बहुत ही भव्य लहंगा तैयार कर सकते हैं, जिसे गोटा पट्टी, लेस और लटकन से सजाकर आप डांडिया नाइट में चमक सकते हैं. आइए जानते हैं कि पुरानी साड़ी और ब्लाउज से डांडिया ड्रेस कैसे बनाएं!
सबसे पहले तैयार कर लें ये चीजें
पुरानी साड़ी (हल्की, चमकदार और अच्छे प्रिंट वाली)
पुराना ब्लाउज
कैंची
धागा और सुई (या सिलाई मशीन)
इलास्टिक या नाडा (कमर के लिए)
लेस, गोटा पट्टी, लेस, कौड़ी वर्क, मिरर (सजावट के लिए)
लटकन
लहंगा बनाने का पहला स्टेप
सबसे पहले एक ऐसी पुरानी साड़ी चुनें जो हल्की हो, लेकिन चमकदार हो और गरबा नाइट के लिए परफेक्ट दिखे. साड़ी का पल्लू और बॉर्डर अगर भारी हो तो उसे सावधानी से अलग कर लें. पल्लू का उपयोग ब्लाउज या दुपट्टे के लिए किया जा सकता है.
1. कालीदार लहंगा (कैलियों वाला - सबसे ज्यादा घेर के लिए)
अगर आप डांडिया में घूमते वक्त सबसे ज्यादा घेर चाहती हैं तो कालीदार स्टाइल सबसे परफेक्ट विकल्प है.
जरूरी सामान: पुरानी साड़ी (कम से कम 5.5 मीटर), इंची टेप, चौक, कैंची, सिलाई मशीन.
कटिंग का तरीका:
सबसे पहले अपनी कमर (जैसे 32 इंच) और लहंगे की लंबाई (जैसे 40 इंच) का नाप लें.
अगर आप 16 कली का लहंगा बना रही हैं तो कमर के नाप को 16 से भाग दें ((32 ÷ 16 = 2 इंच). सिलाई के मार्जिन के लिए इसमें 1.5 इंच और जोड़ें (यानी कली की ऊपर की चौड़ाई = 3.5 इंच).कली के निचले हिस्से (घेर) की चौड़ाई आप अपनी पसंद के अनुसार 8 से 12 इंच तक रख सकती हैं.
साड़ी के कपड़े को लंबाई में बिछाएं और चौक से एक तरफ ऊपर 3.5 इंच और दूसरी तरफ नीचे 10-12 इंच पर तिरछा निशान लगाकर कली का आकार बनाएं.इसी तरह पूरी साड़ी से 16 बराबर कलियां काट लें.
सिलाई का तरीका:
दो-दो कलियों को आपस में सीधा और तिरछा हिस्सा मिलाकर पूरी 16 कलियों को एक साथ सिलते जाएं.
सिलने के बाद ऊपर कमर का एक गोल घेरा और नीचे एक बहुत बड़ा घेर तैयार हो जाएगा.
ऊपर कमर की पट्टी जोड़ें और नीचे साड़ी का पुराना बॉर्डर या गोटा-पट्टी सिल दें.
2. प्लेटेड लहंगा (चुनटों वाला - सबसे आसान और झटपट बनने वाला)
अगर आपके पास सिलाई का ज्यादा समय नहीं है या आप कटिंग में उलझना नहीं चाहतीं तो प्लेटेड स्टाइल सबसे आसान तरीका है.
जरूरी सामान: पुरानी साड़ी, कमर के नाप की पट्टी, इलास्टिक या नाडा, सिलाई मशीन.
कटिंग का तरीका
इसमें साड़ी के कपड़े को काटने की बिल्कुल जरूरत नहीं होती.
बस साड़ी की लंबाई को अपने नाप (जैसे 40 इंच) के हिसाब से नीचे से काट लें या ऊपर से मोड़ लें.
सिलाई का तरीका
कमर के लिए अपनी कमर के नाप से 2-3 इंच चौड़ी कपड़े की पट्टी काटें.
अब साड़ी के कपड़े की शुरुआत से छोटी-छोटी (1 से 1.5 इंच गहरी) प्लेट्स बनाना शुरू करें.
हर प्लेट को कमर की पट्टी के साथ रखते हुए सिलाई चलाती जाएं.
पूरी साड़ी की चुनटें बनने के बाद कमर की पट्टी को ऊपर की तरफ मोड़कर सिल लें और उसमें इलास्टिक या नाडा डालने की जगह बना लें.
लहंगे की साइड की सिलाई को बंद करें. यह 15-20 मिनट में तैयार होने वाला सबसे सिंपल हैक है.
चोली बनाएं
पुराने ब्लाउज को अपडेट करें: अगर आपके पास साड़ी का ही मैचिंग ब्लाउज है तो उसे डांडिया के लिए अपडेट करें. इसमें आप ब्लाउज पर लेस, गोटा पट्टी या मिरर वर्क लगाकर उसे नया चोली वाला लुक दे सकते हैं. आप इस पर लेस या लटकन भी लगा सकते हैं.
दुपट्टा सजाएं
इसके अलावा दुपट्टे पर भी जगह -जगह मिरर वर्क, गोटा पट्टी, लटकन, कौड़ी लगाएं. इससे ये और आकर्षक लगेगा. साथ ही साड़ी के पल्लू पर लगे बॉर्डर को कांट-छांट करते और उस पर सजावट करते आप एक सुंदर बेल्ट या कमरबंद भी बना सकते हैं.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क