How to make broiler chickens grow faster: फिटनेस फ्रीक लोग हों या आम इंसान, हर किसी के लिए चिकन प्रोटीन का काफी अच्छा सोर्स है. 100 ग्राम चिकन ब्रेस्ट में करीब 25-31 ग्राम प्रोटीन तक हो सकता है. इसके अलावा चिकन के अन्य हिस्से में फैट भी होता है तो प्रोटीन की मात्रा कम हो सकती है. ब्रॉयलर चिकन के बारे में सोशल मीडिया से लेकर आम चर्चाओं में अक्सर यह कहा जाता है कि ब्रॉयलर चिकन को फैक्ट्रियों में सिर्फ 35 से 40 दिनों के भीतर बड़ा करने के लिए खतरनाक दवाइयां, एंटीबायोटिक्स और ग्रोथ हार्मोन्स के इंजेक्शन दिए जाते हैं.
दावा किया जाता है कि यही वजह है कि ये चिकन इतनी तेजी से बढ़ते हैं और इन्हें खाने से इंसानों की सेहत, खासकर बच्चों के विकास पर बुरा असर पड़ता है. लेकिन क्या सच में ऐसा होता है? साइंस और इंटरनेशनल पोल्ट्री एक्सपर्ट्स इस दावे को पूरी तरह से एक मिथक यानी अफवाह मानते हैं. आइए जानते हैं कि आखिर इसके पीछे की असली हकीकत क्या है.
द ह्यूमेन लीग की रिपोर्ट का कहना है, लोगों के बीच यह बात बहुत कॉमन है कि ब्रॉयलर चिकन को तेजी से बढ़ाने के लिए आर्टिफिशियल हार्मोन्स दिए जाते हैं. हालांकि, इंटरनेशनल एक्सपर्ट्स और सरकारी संस्थाएं साफ कहती हैं कि यह बात बिल्कुल गलत है. दरअसल, ब्रॉयलर मुर्गियों को तेजी से बड़ा करने के लिए किसी भी तरह के ग्रोथ हार्मोन्स देना पूरी तरह से अवैध है. कानूनन इस पर बैन लगा हुआ है. इतना ही नहीं वैज्ञानिक रूप से भी हजारों-लाखओं मुर्गियों को हार्मोन देना मुमकिन नहीं है.'
गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉ. पालानियप्पन मणिकम ने अपने इंस्टाग्राम पर इस बारे में कहा था, 'ब्रॉयलर चिकन को लेकर लोगों के मन में जो डर है वह पूरी तरह से एक मिथक है. व्यावसायिक रूप से बेचे जाने वाली मुर्गी को तेजी से बड़ा करने के लिए किसी भी प्रकार के आर्टिफिशियल हार्मोन्स का इस्तेमाल नहीं किया जाता. वैज्ञानिक और व्यावहारिक तौर पर हर एक मुर्गी को रोज इंजेक्शन देना पोल्ट्री फार्म्स के लिए मुमकिन ही नहीं है. अगर हार्मोन्स को चारे के जरिए मुंह से दिया जाएगा तो मुर्गों का डाइजेस्टिव सिस्टम उसे एक नॉर्मल प्रोटीन की तरह पचा देगा जिससे उसका कोई असर नहीं होगा.'
अब सवाल उठता है कि अगर दवाइयां या हार्मोन्स नहीं दिए जाते तो ब्रॉयलर चिकन इतनी जल्दी बड़ा कैसे हो जाता है? ऑर्गेनिक फीड्स के मुताबिक, ब्रॉयलर मुर्गी आम देसी चिकन से पूरी तरह अलग होती है. यह नस्ल तेजी से बढ़ती है और करीब 45 दिन में अपने बड़े रूप में आ जाती है.
इसके साथ ही ब्रॉयलर चिकन के तेजी से बढ़ने का मुख्य कारण बेहतरीन जेनेटिक्स, चुनिंदा ब्रीडिंग और उनका स्पेशल न्यूट्रिशन है. पिछले कुछ दशकों में पोल्ट्री एक्सपर्ट्स ने केवल उन मुर्गियों की ब्रीडिंग कराई है जो सेहतमंद रहते हैं और तेजी से बढ़ते हैं. इसके अलावा पोल्ट्री फार्म्स में उनके खान-पान का बहुत ज्यादा ध्यान रखा जाता है. उन्हें प्रोटीन, विटामिंस और मिनरल्स से भरपूर बैलेंस डाइट दी जाती है जिससे उनका वजन तेजी से बढ़ता है.'
हार्मोन के अलावा एक और चिंता एंटीबायोटिक्स के इस्तेमाल को लेकर होती है. कुछ फार्म्स में चिकन को बीमारियों से बचाने के लिए एंटीबायोटिक्स दिए जाते हैं. लेकिन ग्लोबल गाइडलाइंस के मुताबिक, मुर्गों को मार्केट में बेचने या उनका मीट निकालने से कई दिन पहले ही दवाइयां देना पूरी तरह बंद कर दिया जाता है जिसे विड्रॉल पीरियड कहा जाता है.
हेल्थलाइन का कहना है, इस नियम का पालन इसलिए किया जाता है ताकि जब मीट कंज्यूमर तक पहुंचे, तब तक चिकन की बॉडी से दवाओं का असर पूरी तरह खत्म हो चुका हो. इसलिए सही तरीके से पाले गए ब्रॉयलर चिकन को खाने से इंसानों में हार्मोन्स का असंतुलन होने का कोई खतरा नहीं रहता.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क