आजकल स्टाइलिश दिखने के लिए महंगे ब्रांड के कपड़े खरीदना जरूरी नहीं है. सोशल मीडिया पर जेन जी के कई फैशन लुक्स ऐसे नजर आते हैं, जिन्हें देखकर लगता है कि इन्हें तैयार करने में काफी पैसे खर्च हुए होंगे. लेकिन सही कपड़ों, कलर्स और छोटी-छोटी चीजों का ध्यान रखकर कम बजट में भी अच्छा लुक पाया जा सकता है. आइए जानते हैं कुछ आसान टिप्स.
1. सही फिटिंग वाले कपड़े चुनें
कपड़ों की कीमत से ज्यादा उनकी फिटिंग मायने रखती है. बहुत ढीले या बहुत टाइट कपड़े आपके पूरे लुक को बिगाड़ सकते हैं. ऐसे कपड़े चुनें जो आपके शरीर पर सही बैठें. अगर कोई पुराना कपड़ा अच्छा है, लेकिन उसकी फिटिंग सही नहीं है, तो उसे दर्जी से ठीक करवाया जा सकता है.
2. बेसिक कपड़ों पर दें ध्यान
अच्छा दिखने के लिए हर बार नए कपड़े खरीदने की जरूरत नहीं है. सफेद शर्ट, काली टी-शर्ट, अच्छी फिटिंग वाली जींस और एक नॉर्मल जैकेट जैसी चीजें कई तरह से पहनी जा सकती हैं. इन्हें अलग-अलग कपड़ों के साथ मिलाकर नए लुक बनाए जा सकते हैं.
3. रंगों का सही मेल बनाएं
कपड़ों के रंग भी आपके लुक को खास बना सकते हैं. सफेद, काला, बेज, ग्रे और नेवी ब्लू जैसे कलर्स को एक साथ पहनना आसान होता है. कोशिश करें कि एक ही लुक में बहुत सारे रंग न हों. दो या तीन कलर्स का सही मेल आपके कपड़ों को ज्यादा वेल-मैनर्ड दिखा सकता है.
4. एक्सेसरीज का सही इस्तेमाल करें
एक नॉर्मल आउटफिट को भी अच्छी एक्सेसरीज खास बना सकती हैं. छोटी बालियां, वॉच, बेल्ट, धूप का चश्मा या एक अच्छा बैग आपके लुक को बेहतर बना सकता है. हालांकि, हर एक्सेसरी एक साथ पहनने के बजाय जरूरत के हिसाब से चुनें.
5. कपड़ों की सफाई का रखें ध्यान
कपड़े महंगे हों या सस्ते, उनका साफ और सही हालत में होना जरूरी है. कपड़ों पर सिलवटें, दाग या निकले हुए धागे पूरे लुक को खराब कर सकते हैं. साफ जूते और अच्छे से सेट किए बाल भी आपके लुक में फर्क ला सकते हैं.
स्टाइलिश दिखने का मतलब हर नए फैशन ट्रेंड को फॉलो करना या महंगे ब्रांड के कपड़े खरीदना नहीं है. जेन जी से आप भी ये सीख सकते हैं कि कम कपड़ों में अलग-अलग लुक कैसे बनाए जाएं और अपनी पसंद को कैसे स्टाइल में बदला जाए. इसलिए अगली बार शॉपिंग पर जाने से पहले अपनी अलमारी में रखे कपड़ों पर नजर डालें. हो सकता है, आपका अगला शानदार लुक वहीं मिल जाए.
aajtak.in