ऋषिकेश में डर का साम्राज्य! जग्गा गैंग पर 11 मुकदमे, लोगों को धमकाने और वसूली के आरोप में 3 गिरफ्तार

देहरादून की ऋषिकेश पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गैंग लीडर जगजीत उर्फ जग्गा समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक गिरोह पर भूमि और पारिवारिक विवादों में दखल, धमकी, मारपीट, अवैध वसूली और ब्लैकमेलिंग के आरोप हैं. पुलिस रिकॉर्ड में 2016 से 2026 के बीच 11 मुकदमे दर्ज हैं. एक आरोपी अभी फरार है.

Advertisement
घर से मिला ‘KING OF उत्तराखण्ड’ बोर्ड.(Photo: Ankit Sharma/ITG) घर से मिला ‘KING OF उत्तराखण्ड’ बोर्ड.(Photo: Ankit Sharma/ITG)

अंकित शर्मा

  • ऋषिकेश,
  • 23 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 5:15 PM IST

ऋषिकेश पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित जग्गा गैंग पर गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है. इस मामले में गैंग लीडर जगजीत उर्फ जग्गा सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. वहीं, चौथे नामजद आरोपी रवि गुप्ता की तलाश में पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं.

पुलिस के अनुसार, जगजीत उर्फ जग्गा अपने साथियों के साथ मिलकर क्षेत्र में एक संगठित गिरोह चला रहा था. आरोप है कि यह गिरोह जमीन और पारिवारिक विवादों में दखल देकर पक्षकारों पर दबाव बनाता था. विवादों को कथित तौर पर अपने तरीके से सुलझाने के लिए लोगों को डराने-धमकाने का भी आरोप है.

Advertisement

यह भी पढ़ें: '144 दिल्ली में थी, ऋषिकेश में रोकना गुंडागर्दी', पुलिस पर भड़का उत्तराखंड हाईकार्ट

पुलिस का दावा है कि गिरोह से जुड़े लोगों पर मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी, अवैध वसूली और ब्लैकमेलिंग जैसे आरोप भी हैं. लोगों की फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर कथित तौर पर पैसे वसूलने की बात भी जांच में सामने आई है. इसके अलावा घरों में घुसकर मारपीट करने के आरोप भी पुलिस रिकॉर्ड में बताए गए हैं.

2016 से 11 मुकदमे, अब गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई

पुलिस के मुताबिक, गिरोह के प्रभाव और कथित आपराधिक गतिविधियों के कारण स्थानीय लोगों में भय का माहौल बना हुआ था. पुलिस का कहना है कि लोग इनके खिलाफ शिकायत करने और कानूनी कार्रवाई कराने से भी डरते थे. गैंग लीडर जगजीत उर्फ जग्गा और उसके साथियों के खिलाफ वर्ष 2016 से 2026 के बीच गंभीर आपराधिक मामलों के 11 मुकदमे दर्ज होने की जानकारी दी गई है.

Advertisement

लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता और क्षेत्र में भय का माहौल बनाए जाने के मद्देनजर एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू की गई. पुलिस रिपोर्ट को सक्षम न्यायालय से अनुमोदन मिलने के बाद कोतवाली ऋषिकेश में मुकदमा संख्या 405/2026 दर्ज किया गया.

यह मुकदमा गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज किया गया है. इसके बाद पुलिस ने गैंग लीडर जगजीत उर्फ जग्गा, प्रणव उर्फ राघव बत्रा और दीपेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया. चौथे आरोपी रवि गुप्ता की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं.

घर से मिला ‘KING OF उत्तराखण्ड’ बोर्ड

पुलिस ने गिरफ्तार गैंग लीडर जगजीत उर्फ जग्गा की निशानदेही पर उसके घर से एक बोर्ड बरामद किया है. इस बोर्ड पर ‘KING OF उत्तराखण्ड’ लिखा हुआ था. पुलिस के मुताबिक आरोपी इस तरह के बोर्ड के जरिए लोगों के बीच अपना दबदबा और भय कायम करने का प्रयास करता था.

जांच एजेंसी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले से भी मारपीट, धमकी, अवैध वसूली, ब्लैकमेलिंग और अन्य आपराधिक गतिविधियों से जुड़े मामले दर्ज हैं. पुलिस अब गैंग से जुड़े पुराने मामलों और आरोपियों की आपराधिक गतिविधियों की कड़ियों को भी खंगाल रही है.

Advertisement

फिलहाल, जगजीत उर्फ जग्गा, प्रणव उर्फ राघव बत्रा और दीपेश कुमार पुलिस की गिरफ्त में हैं, जबकि रवि गुप्ता की तलाश जारी है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. हालांकि इस कार्रवाई के साथ एक बड़ा सवाल भी उठ रहा है कि अगर जग्गा के खिलाफ वर्ष 2016 से आपराधिक मुकदमे दर्ज होते रहे और वह ऋषिकेश में रहकर लगातार वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करता रहा, तो पुलिस की ओर से गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई में इतनी देर क्यों हुई? अब यह सवाल भी जांच और पुलिस की कार्रवाई के साथ चर्चा में है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »