प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 'फादर ऑफ इंडिया' कहने पर कांग्रेस ने सवाल उठाया है. कांग्रेस के सवालों का जवाब देते हुए केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि पहली बार किसी अमेरिकी राष्ट्रपति ने फादर ऑफ इंडिया जैसे शब्द का इस्तेमाल एक भारतीय नेता के लिए किया है. अगर किसी को इस पर गर्व नहीं है तो वह अपने को भारतीय नहीं मानता है.
पीएमओ में केंद्रीय राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि अगर देश के बाहर से कोई निष्पक्ष और स्पष्ट विचार आता है और इस विचार को रखने वाले अमेरिका के राष्ट्रपति हैं तो उनकी समझ के मुताबिक सभी भारतीय नागरिकों को इस पर गर्व करना चाहिए, चाहे उसकी विचारधारा कैसी भी क्यों न हो.
जितेंद्र सिंह ने कहा कि पहली बार अमेरिका के राष्ट्रपति ने किसी भारतीय प्रधानमंत्री के लिए इस तरह के संबोधन का इस्तेमाल किया है. यदि किसी को इस पर गर्व नहीं है तो हो सकता है कि वो शख्स अपने आप को भारतीय नहीं मानता है.
बता दें कि न्ययॉर्क में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पीएम नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा था कि उन्होंने भारत को एकजुट किया और हम उन्हें 'भारत का पिता (फादर ऑफ इंडिया)' कहेंगे. उन्होंने यूएनजीए से इतर एक बैठक में कहा, "मेरी प्रधानमंत्री मोदी के साथ केमेस्ट्री काफी अच्छी है, वह महान व्यक्ति और महान नेता हैं...मुझे याद है, भारत पहले बहुत बदहाल था, वहां बहुत लड़ाइयां थीं और वह सबको साथ लेकर चले, एक पिता की तरह सबको साथ लेकर चले और उन्हें 'भारत का पिता' कहा जा सकता है."
उन्होंने कहा, "हम उन्हें भारत का पिता कहेंगे, अगर यह बहुत बुरा नहीं है तो, लेकिन वह चीजों को साथ लेकर आए हैं. मुझे लगता है उन्होंने शानदार काम किया है."
aajtak.in