शि‍वसेना ने भी हरियाणा के मामले पर बीजेपी को घेरा

हरियाणा बीजेपी अध्यक्ष सुभाष बरोला के बेटे द्वारा चंडीगढ़ में एक लड़की का पीछा किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. लेकिन विपक्ष के हमलावर तेवरों के बाद, अब एनडीए के सहयोगी दल भी इस मामले पर सवाल उठाने लगे हैं.

Advertisement
श‍िवसेना नेता संजय राउत श‍िवसेना नेता संजय राउत

बालकृष्ण

  • नई दिल्ली,
  • 08 अगस्त 2017,
  • अपडेटेड 4:50 PM IST

हरियाणा बीजेपी अध्यक्ष सुभाष बरोला के बेटे द्वारा चंडीगढ़ में एक लड़की का पीछा किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. बीजेपी लगातार इस मामले से यह कहकर पल्ला झाड़ने की कोशिश कर रही है कि इस मामले में कानून अपना काम करेगा. लेकिन विपक्ष के हमलावर तेवरों के बाद, अब एनडीए के सहयोगी दल भी इस मामले पर सवाल उठाने लगे हैं. बीजेपी नेता सुब्रमण्यम स्वामी पहले ही कह चुके हैं कि वह इस मामले के खिलाफ कोर्ट में जाकर जनहित याचिका दाखिल करेंगे.

Advertisement

मंगलवार को शिवसेना के नेता संजय राउत ने जोरदार तरीके से यह मांग रखी कि बीजेपी को अपने हरियाणा अध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए. उन्होंने कहा कि सवाल यह नहीं है कि छेड़खानी और पीछा करने वाला किसका बेटा है. सवाल यह है कि बेटियां हमारी हैं और उन्हें बचाना सबका दायित्व है. संजय राउत ने कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री पर पूरा भरोसा है और किसी भी राज्य में भ्रष्टाचार या महिलाओं से जुड़े अपराध होते हैं तो प्रधानमंत्री का ध्यान उस पर रहता है. इसीलिए उन्हें पूरी उम्मीद है कि बीजेपी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की छवि को धूमिल नहीं होने देगी और अपने हरियाणा अध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई करेगी और उन्हें पद से हटाएगी. इस मामले को लेकर बीजेपी नेता सुब्रमण्यम स्वामी के कोर्ट जाने को सही ठहराते हुए कहा कि वह पीड़ित लड़की को न्याय दिलाने के लिए कोर्ट जा रहे हैं.  

Advertisement

उधर मंगलवार को सुब्रमण्यम स्वामी ने फिर दोहराया कि इस मामले पर जनहित याचिका दाखिल करने के अपने फैसले से वह पीछे नहीं हटे हैं. उन्होंने कहा कि अपराध कोई भी करे वह अपराध होता है और दोषी को सजा मिलनी चाहिए. सुब्रमण्यम स्वामी ने कहा कि अगर सुभाष बरोला के बेटे निर्दोष हैं तो उन्हें कोर्ट में जाकर यह बात साबित करनी चाहिए. लेकिन साथ ही उन्होंने इस मामले को लेकर कांग्रेस को भी कटघरे में खड़ा किया और कहा कि कांग्रेस को इस मामले में बोलने का कोई हक नहीं है क्योंकि उन्होंने सुनंदा पुष्कर के मामले में कांग्रेस नेता शशि थरूर के खिलाफ कोई ठोस कार्यवाही नहीं की.

लेकिन बीजेपी नेताओं के रूख से लगता है वह इस मामले के ठंडा होने का इंतजार कर रहे हैं. ओम माथुर से जब पूछा गया कि क्या पार्टी सुभाष बरोला के खिलाफ कार्रवाई करेगी तो उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि कानून अपना काम करेगा. उन्होंने बार-बार पूछने पर भी इस सवाल का जवाब नहीं दिया कि बीजेपी अपनी तरफ से कोई कदम उठाएगी या नहीं.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »