राज्यसभा चुनाव परिणामः बीजेपी के पास 69, कांग्रेस के पास 50 सीटें, पढ़िए पूरा ब्यौरा

नरेंद्र मोदी ने राज्यसभा चुनाव में विजेताओं को बधाई दी. उन्होंने ट्वीट किया, 'विभिन्न राज्यों से चुनकर राज्य सभा में आए सभी लोगों को बधाई और फलदायी संसदीय जीवन के लिये शुभकामना. मैं उम्मीद करता हूं कि ये सांसद जिस राज्य का प्रतिनिधित्व करते हैं उसकी आकांक्षाओं को प्रभावी तरीके से आवाज देंगे.'

Advertisement
CM योगी और अखिलेश यादव CM योगी और अखिलेश यादव

नंदलाल शर्मा

  • नई दिल्ली ,
  • 24 मार्च 2018,
  • अपडेटेड 11:57 PM IST

उत्तर प्रदेश में दिलचस्प राजनीतिक घटनाक्रम के बीच बीजेपी ने सात राज्यों में राज्यसभा की बची हुई 25 सीटों में से 12 सीटें जीत ली. उत्तर प्रदेश में किसी समय धुर-विरोधी रहे सपा और बसपा की नई-नई दोस्ती भी यहां बसपा उम्मीदवार को जिताने के काम नहीं आई और राज्य की दस राज्य सभा सीटों में से नौ बीजेपी की झोली में चली गई.

Advertisement

राज्यसभा की 59 सीटें रिक्त हुई थी. इनके लिए 10 राज्यों के 33 उम्मीदवारों को 15 मार्च को निर्विरोध विजेता घोषित किया गया. इनमें से 16 उम्मीदवार बीजेपी के थे. जीतने वाले प्रमुख नामों में वित्त मंत्री अरुण जेटली और बीजेपी नेता जीवीएल नरसिम्हा राव, सपा की जया बच्चन (सभी उत्तर प्रदेश से), कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी और बीजेपी के राजीव चंद्रशेखर प्रमुख हैं.

शरद यादव के धड़े वाले जनता दल (यू) की राज्य इकाई के अध्यक्ष एमपी वीरेंद्र कुमार शुक्रवार को केरल से राज्यसभा के लिए चुने गए. कुमार ने बिहार के मुख्यमंत्री और जदयू नेता नीतीश कुमार के बीजेपी की अगुवाई वाले एनडीए से हाथ मिलाने के विरोध में संसद के उच्च सदन से इस्तीफा दे दिया था, जिसके चलते एक सीट रिक्त हुई थी.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यसभा चुनाव में विजेताओं को बधाई दी. उन्होंने ट्वीट किया, 'विभिन्न राज्यों से चुनकर राज्य सभा में आए सभी लोगों को बधाई और फलदायी संसदीय जीवन के लिये शुभकामना. मैं उम्मीद करता हूं कि ये सांसद जिस राज्य का प्रतिनिधित्व करते हैं उसकी आकांक्षाओं को प्रभावी तरीके से आवाज देंगे.'

Advertisement

उत्तर प्रदेश में सपा और बसपा द्वारा निर्वाचन आयोग से दो वोट निरस्‍त करने की मांग को लेकर शिकायत किए जाने के कारण करीब दो घंटे देर से शुरू हुई मतगणना के नतीजों ने विपक्ष को निराश कर दिया. चुनाव में बीजेपी उम्मीदवार अरूण जेटली, डॉक्‍टर अशोक बाजपेयी, विजयपाल सिंह तोमर, सकलदीप राजभर, कांता कर्दम, डॉक्‍टर अनिल जैन, जीवीएल नरसिम्हा राव, हरनाथ सिंह यादव और अनिल कुमार अग्रवाल विजयी करार दिये गये. अग्रवाल ने द्वितीय वरीयता वाले मतों के आधार पर बाजी मार ली.

बसपा के भीमराव अंबेडकर के हाथ आई निराशा

सपा की जया बच्चन चुनाव जीत गयीं जबकि बसपा के भीमराव आंबेडकर को निराशा हाथ लगी. कुछ दिन पहले सपा और बसपा की संयुक्त ताकत के आगे बीजेपी गोरखपुर और फूलपुर लोकसभा उपचुनाव हार गई थी. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बीजेपी की सभी नौ सीटों पर विजय से सपा का अवसरवादी चेहरा सामने आ गया है.

झारखंड में 1 सीट बीजेपी को, 1 सीट कांग्रेस को

उन्होंने कहा कि सपा का अवसरवादी चरित्र कुछ नया नहीं है और राज्य की जनता पहले से ही इसे देखती आ रही है. झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिये चुनाव हुआ, जिसमें से एक सीट बीजेपी के समीर उरांव को और दूसरी सीट कांग्रेस के धीरज साहू को मिली. यहां बीजेपी के दूसरे उम्मीदवार प्रदीप सोंथालिया को हार का सामना करना पड़ा.

Advertisement

बंगाल में तृणमूल के समर्थन से जीते अभिषेक मनु सिंघवी

पश्चिम बंगाल में कांग्रेस उम्मीदवार अभिषेक मनु सिंघवी और तृणमूल कांग्रेस के चार उम्मीदवारों ने रास चुनाव जीत लिया. राज्यसभा चुनाव जीतने वाले तृणमूल कांग्रेस के चार उम्मीदवार नदीमुल हक, सुभाशीष चक्रवर्ती, अबीर बिश्वास और शांतनु सेन हैं. राज्यसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस का समर्थन सिंघवी को था, जिन्होंने पांचवें उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा था.

कांग्रेस के पास यहां अपने उम्मीदवार को जितवाने के लिये विधानसभा में पर्याप्त संख्याबल नहीं था. पीठासीन अधिकारी जयंता कोले ने बताया कि नदीमुल हक को 52 वोट मिले, सुभाशीष चक्रवर्ती को 54, अबीर विश्वास को 52 और शांतनु सेन को 51 वोट मिले.

कर्नाटक में जेडीएस ने किया चुनाव बहिष्कार

कर्नाटक में सत्तारूढ़ कांग्रेस के तीनों उम्मीदवारों ने राज्यसभा चुनाव में जीत हासिल की, जबकि विपक्षी बीजेपी के खाते में एक सीट गयी. जेडीएस ने चुनावी कदाचार का आरोप लगाते हुए चुनाव का बहिष्कार किया.

निर्वाचन अधिकारी ने कांग्रेस के डॉ. एल हनुमनथैया, डॉ. सैयद नासिर हुसैन एवं जी सी चंद्रशेखर और बीजेपी के राजीव चंद्रशेखर को निर्वाचित घोषित किया. जेडीएस के चुनाव आयोग से शिकायत करने से मतगणना शुरू करने में देरी हुई.

तेलंगाना में टीआरएस ने तीनों सीटें जीतीं

तेलंगाना राष्ट्र समिति के उम्मीदवार बी प्रकाश, बी लिंगैया यादव और जे संतोष कुमार तेलंगाना से राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए. मुख्य विरोधी दल कांग्रेस के उम्मीदवार पी. बलराम को यहां हार का सामना करना पड़ा. प्रकाश, यादव और संतोष कुमार को क्रमश: 33, 32 और 32 वोट मिले. आधिकारिक सूत्रों ने आज कहा कि बलराम को महज 10 वोट मिले थे.

Advertisement

छत्तीसगढ़ में जीतीं बीजेपी की सरोज पांडे

बीजेपी की राष्ट्रीय महासचिव सरोज पांडे ने छत्तीसगढ़ में राज्यसभा की एकमात्र सीट पर हुए चुनाव में कांग्रेस प्रतिद्वंद्वी लेखराम साहू को हरा दिया. राज्य विधानसभा सचिव चंद्र शेखर गंगराडे ने बताया कि राज्य विधानसभा परिसर में हुए चुनाव में पांडे को 51 वोट मिले, जबकि साहू को 36 वोट मिले. गंगराडे निर्वाचन अधिकारी भी हैं. सदन में बीजेपी के 49, कांग्रेस के 39, बसपा के एक विधायक और एक निर्दलीय हैं.

राज्यसभा चुनाव के बाद अब बीजेपी के पास 69, कांग्रेस के पास 50 सीटें

58 सीटों के लिए हुए राज्यसभा चुनाव के नतीजों के बाद बीजेपी के खाते में 11 सीटों की वृद्धि हुई है, जबकि कांग्रेस ने अपनी चार सीटें खो दीं हैं. इसके साथ ही अब संसद के इस उच्च सदन में भगवा पार्टी की स्थिति उनके करीबी प्रतिद्वंद्वी के मुकाबले काफी मजबूत हो गयी है.

चुनाव में बीजेपी के 28 प्रत्याशियों ने जीत हासिल की. इस तरह से बीजेपी को 11 सीटों का फायदा हुआ है, तो वहीं कांग्रेस ने केवल 10 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि पहले उसका इनमें से 14 सीटों पर कब्जा था. इस तरह पार्टी को चार सीटों का नुकसान हुआ है.

आंकड़ों की गणना यह दर्शाती है कि 245 सदस्यीय सदन में अब बीजेपी की सीटों की संख्या मौजूदा 58 से बढ़कर 69 हो जाएगी और कांग्रेस की सीटें अब 54 से गिरकर 50 रह जाएगी.

Advertisement

नये सांसदों का शपथ ग्रहण अगले हफ्ते होगा. हालांकि, बीजेपी नीत गठबंधन राजग राज्यसभा में बहुमत से अब भी दूर है.

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »