News Wrap: आज पीएम मोदी के गढ़ में प्रियंका गांधी, पढ़ें बुधवार की 5 बड़ी खबरें

प्रियंका गांधी आज वाराणसी में रहेंगी, जबकि गोवा के नए मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत को अपना बहुमत साबित करना होगा. पढ़ें, बुधवार सुबह की पांच बड़ी खबरें.

Advertisement
News Wrap News Wrap

aajtak.in / जावेद अख़्तर

  • नई दिल्ली,
  • 20 मार्च 2019,
  • अपडेटेड 9:47 AM IST

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की गंगा बोट यात्रा का आज तीसरा दिन है, जिसके तहत वो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी जाएंगी. इस दौरान प्रियंका मंदिर दर्शन भी करेंगी. दूसरी तरफ गोवा के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद प्रमोद सावंत के सामने आज विधानसभा में बहुमत साबित करने की चुनौती है. इन दोनों खबरों के अलावा बुधवार सुबह की पांच बड़ी खबरों को विस्तार से पढ़ने के लिए नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें...

Advertisement

1.

कांग्रेस महासचिव और पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोमवार को चुनावी अभियान की शुरुआत की. प्रियंका प्रयागराज से बोट पर सवार होकर गंगा नदी पर काशी तक का सफर कर रही हैं. उनके दौरे का आज तीसरा दिन है. यूपी में गंगा नदी 1160 किलोमीटर लंबाई में बहती है. इसके 140 किलोमीटर हिस्से में प्रियंका गांधी सफर कर रही हैं. रास्ते में पड़ने वाली पांच लोकसभा सीटों के लोगों से प्रियंका सीधे संपर्क कर उन्हें साधने की कोशिश भी कर रही हैं. हालांकि, मौजूदा समय में प्रयागराज से लेकर वाराणसी तक कांग्रेस के पास न तो कोई सांसद है और न ही कोई विधायक है.

2.

पूर्व रक्षा मंत्री और गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर के निधन के बाद भारतीय जनता पार्टी में नेतृत्व को लेकर जो संकट था वह खत्म हो चुका है. सोमवार देर रात ही युवा नेता प्रमोद सावंत ने राज्य के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली, लेकिन उनकी असली परीक्षा आज होनी है. प्रमोद सावंत को बुधवार को गोवा विधानसभा में बहुमत साबित करना है, ऐसे में उनकी गठबंधन सरकार के सामने काफी बड़ी चुनौती है.

Advertisement

3.

देश इस समय होली के माहौल में डूबा हुआ है, लेकिन हरियाणा के पानीपत में बुधवार सुबह एक बड़ा ट्रेन हादसा होने से बच गया. ट्रेन में बैठे लोगों की जान उस समय आफत में आ गई जब पानीपत के भोड़वाल माजरी स्टेशन के पास बुधवार सुबह ट्रेन की बोगी पटरी से उतर गई, पटरी से उतरने के बाद बोगी 200 मीटर तक दौड़ती ही चली गई. हादसे में अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है.

4.

जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में 14 फरवरी को हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने दुनियाभर में पाकिस्तान को घेरने का काम किया है. काफी हद तक भारत अपनी इस रणनीति में सफल रहा है, पहले संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में फ्रांस, अमेरिका और ब्रिटेन ने जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर के खिलाफ प्रस्ताव पेश किया और अब यूरोपियन यूनियन में भी ऐसा ही प्रस्ताव पेश होगा. इस बार जर्मनी EU में मसूद के खिलाफ प्रस्ताव लाएगा.

5.

फाल्गुन शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि पर प्रदोष काल में होलिका दहन किया जाता है. ज्योतिष के अनुसार फाल्गुन पूर्णिमा पर भद्रा रहित प्रदोष काल में होली दहन को श्रेष्ठ माना गया है. होलिका पूजा और दहन में परिक्रमा बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है. मान्यता है कि परिक्रमा करते हुए अगर अपनी इच्छा कह दी जाए तो वो सच हो जाती है. ऐसा भी माना जाता है कि होलिका दहन के दिन सफेद खाद्य पदार्थों के सेवन से बचना चाहिए. होली की बची हुई अग्नि और भस्म को अगले दिन सुबह अपने घर ले जाने से सभी नकारात्मक उर्जा दूर हो जाती है.

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement